जबलपुर. गढ़ा थाना क्षेत्र के बेदी नगर में एक घर के भीतर तीन फीट लंबा सांप दिखाई देने से उस समय हड़कंप मच गया, जब वह बिजली मीटर के पास बनी दीवार की दरार में घुसने की कोशिश कर रहा था. परिवार के लोगों ने जैसे ही सांप को देखा, घर में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर सर्प विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और सुरक्षित तरीके से सांप का रेस्क्यू कर उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया. इस दौरान सांप की पहचान ब्रोंज बैक ट्री स्नेक के रूप में हुई, जिसे लेकर अक्सर लोगों के बीच यह धारणा बनी रहती है कि यह उड़ सकता है. हालांकि विशेषज्ञों ने इस धारणा को पूरी तरह गलत बताया है.
जानकारी के अनुसार गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित बेदी नगर निवासी सत्यम केसरवानी के घर में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे परिवार के सदस्यों की नजर बिजली मीटर के पास एक लंबे सांप पर पड़ी. सांप धीरे-धीरे दीवार में बनी दरार के भीतर प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था. अचानक सांप दिखाई देने से परिवार के सदस्य घबरा गए और तत्काल सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे को इसकी सूचना दी.
सूचना मिलते ही गजेंद्र दुबे मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया. उन्होंने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर सांप को सुरक्षित बाहर निकाला. रेस्क्यू के दौरान आसपास बड़ी संख्या में लोग भी जमा हो गए थे. विशेषज्ञ ने लोगों को दूर रखते हुए सांप को बिना किसी नुकसान के पकड़ा और बाद में उसे तिलवारा क्षेत्र के जंगल में छोड़ दिया.
रेस्क्यू के बाद गजेंद्र दुबे ने बताया कि पकड़ा गया सांप ब्रोंज बैक ट्री स्नेक है, जिसे हिंदी में कांस पीठ वृक्ष सर्प या बांस जोड़ सर्प भी कहा जाता है. यह पूरी तरह गैर विषैला सांप है और मनुष्यों के लिए किसी प्रकार का खतरा पैदा नहीं करता. इसकी प्रकृति बेहद शर्मीली होती है और यह सामान्यतः इंसानों से दूर रहना पसंद करता है.
उन्होंने बताया कि इस प्रजाति को लेकर लोगों में सबसे बड़ी गलतफहमी यह है कि यह उड़ता है. दरअसल यह सांप पेड़ों पर रहने वाला अत्यंत फुर्तीला जीव है और एक पेड़ से दूसरे पेड़ तक पहुंचने के लिए लंबी छलांग लगा सकता है. कई बार यह लगभग पांच मीटर तक की दूरी तय कर लेता है. इसी कारण लोगों को भ्रम हो जाता है कि सांप हवा में उड़ रहा है, जबकि वास्तव में वह केवल छलांग लगाकर एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचता है.
सर्प विशेषज्ञ के अनुसार ब्रोंज बैक ट्री स्नेक का प्रमुख भोजन छिपकलियां, छोटे कीट-पतंगे, मक्खियां तथा पक्षियों के अंडे होते हैं. यह पारिस्थितिकी तंत्र के लिए उपयोगी जीव माना जाता है, क्योंकि यह कई हानिकारक कीटों और छोटे जीवों की संख्या को नियंत्रित करने में मदद करता है. इसके बावजूद जानकारी के अभाव में लोग इसे देखकर डर जाते हैं और कई बार नुकसान पहुंचाने का प्रयास करते हैं.
बेदी नगर में हुए इस रेस्क्यू ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि सोशल मीडिया और लोक मान्यताओं में प्रचलित कई बातें वास्तविकता से अलग होती हैं. ब्रोंज बैक ट्री स्नेक उड़ने वाला नहीं, बल्कि पेड़ों पर रहने वाला एक तेज और फुर्तीला गैर विषैला सांप है, जो प्रकृति के संतुलन में अहम भूमिका निभाता है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

