वाहनों का काफिला लेकर जबलपुर आए केन्द्रीय मंत्री, शहर के कार्यक्रमों में हिस्सा लिया, फ्लाईओवर का किया निरीक्षण

वाहनों का काफिला लेकर जबलपुर आए केन्द्रीय मंत्री, शहर के कार्यक्रमों में हिस्सा लिया, फ्लाईओवर का किया निरीक्षण

प्रेषित समय :16:50:13 PM / Sun, Jun 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर पहुंचे केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया. उन्होने फ्लाईओवर का निरीक्षण किया. हालांकि उनके दौरे से ज्यादा चर्चा उनके लंबे वाहन काफिले की रही.

केंद्रीय मंत्री के साथ करीब 14 वाहनों का काफिला शहर में चलता दिखाई दिया. काफिले में सुरक्षा, प्रशासनिक और प्रोटोकॉल से जुड़े वाहन शामिल थे. मंत्री के साथ प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी मौजूद रहे. केन्द्रीय मंत्री के काफिला देखकर लोगों के बीच चर्चाओं का दौर भी चलता रहा कि जब सरकार आम लोगों से ईंधन बचाने और अनावश्यक वाहन उपयोग कम करने की अपील करती है. रानी दुर्गावती फ्लाईओवर का निरीक्षण करते हुए जितिन प्रसाद ने परियोजना की सराहना की. उन्होंने कहा कि करीब 7 किलोमीटर लंबा यह फ्लाईओवर आधुनिक इंजीनियरिंग का बेहतरीन उदाहरण है.

मंत्री ने कहा कि इस तरह की संरचना उन्होंने सालों पहले अमेरिका यात्रा के दौरान देखी थी और अब उसी स्तर का फ्लाईओवर जबलपुर में देखने को मिला है. उनके मुताबिक यह परियोजना शहर की पहचान बदलने के साथ यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाएगी. केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 12 सालों में देश में सड़क, रेल, हवाई और शहरी अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी नई नीतियों पर भी काम कर रही है, जिनका लाभ आने वाले समय में मिलेगा.

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद-

निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहे. मंत्री ने फ्लाईओवर निर्माण की गुणवत्ता की तारीफ करते हुए इसे विकसित भारत के संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-