जबलपुर. आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए दो चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से रेल लाइन के टुकड़े और कॉपर वायर बरामद किए गए हैं.
बताया जाता है कि आरपीएफ इन दिनों रेल संपत्ति की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चला रही है. इसी दौरान उपनिरीक्षक अरविंद सिंह और आरक्षक हरीकेश दुबे गोकलपुर-रांझी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे. रेलवे साइडिंग के पास खड़े इंजन के पास दो युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए.
पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान दिनेश उर्फ भूत चौधरी (24) निवासी बरेला और लोकेश उर्फ हर्ष सिंह थापा (23) निवासी गोरा बाजार के रूप में बताई. दोनों ने स्वीकार किया कि सुबह रेलवे परिसर से रेल लाइन के दो टुकड़े चोरी कर ऑटो से उखरी चौराहा स्थित कबाड़ी को बेच दिए थे.
दोबारा चोरी करने पहुंचे थे
आरोपियों ने बताया कि ज्यादा पैसे कमाने के लालच में वे फिर रेलवे साइडिंग पहुंचे थे. यहां से कोच और इंजन के हिस्सों की चोरी करने की तैयारी कर रहे थे. उन्होंने एक कॉपर वायर और तीन रेल लाइन के टुकड़े निकाल लिए थे, तभी आरपीएफ टीम मौके पर पहुंच गई.
कबाड़ी की दुकान पर भी दबिश
सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. दोनों आरोपियों की निशानदेही पर उखरी चौराहा स्थित कबाड़ी की दुकान पर दबिश दी गई. पूछताछ में कबाड़ी ने चोरी का माल खरीदना स्वीकार कर लिया. उसके कब्जे से रेल सामग्री बरामद की गई. आरपीएफ ने रेल लाइन के टुकड़े और कॉपर वायर जब्त कर तीनों आरोपियों के खिलाफ रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम 1966 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया है. मामले की आगे जांच की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


