एमपी हाईकोर्ट में आज से नियमित बेंचों की सुनवाई, जबलपुर की मुख्यपीठ सहित इंदौर-ग्वालियर खंडपीठ का समर वेकेशन समाप्त

एमपी हाईकोर्ट में आज से नियमित बेंचों की सुनवाई, जबलपुर की मुख्यपीठ सहित इंदौर-ग्वालियर खंडपीठ का समर वेकेशन समाप्त

प्रेषित समय :13:07:22 PM / Mon, Jun 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। एमपी हाईकोर्ट का एक माह का ग्रीष्मकालीन अवकाश शनिवार को समाप्त हो गया। आज से मुख्यपीठ सहित इंदौर और ग्वालियर खंडपीठ में नियमित सुनवाई शुरू होगी। चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा के सुप्रीम कोर्ट जाने के बाद अब नव नियुक्त एक्टिंग चीफ जस्टिस विवेक रूसिया के नेतृत्व में सभी नियमित बेंचें पूर्व की तरह कार्य करेंगी।
                                 16 मई से 14 जून तक चले समर वेकेशन के दौरान केवल आवश्यक और अत्यावश्यक मामलों की सुनवाई की गई। अवकाश समाप्त होने के साथ ही लंबित मामलों की नियमित सुनवाई फिर से शुरू होने जा रही है। आमतौर पर हाईकोर्ट के ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान वेकेशन बेंच सप्ताह में केवल दो दिन, सोमवार और गुरुवार को बैठती थीं। लेकिन इस वर्ष न्यायिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई। समर वेकेशन के दौरान विशेष बेंचों ने सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सुनवाई की। इससे अर्जेंट मामलों के शीघ्र निराकरण में मदद मिली और लंबित मामलों का दबाव भी कुछ हद तक कम हुआ। हाईकोर्ट के न्यायिक सूत्रों के अनुसार आगामी दिनों में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इंदौर खंडपीठ के प्रशासनिक न्यायाधीश विजय कुमार शुक्ला 27 जून को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। उनके सेवानिवृत्त होने से पहले हाईकोर्ट में प्रशासनिक जिम्मेदारियों में फेरबदल किया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक जबलपुर मुख्यपीठ से जस्टिस विवेक अग्रवाल को इंदौर भेजे जा सकता है। या फिर एक अन्य विकल्प यह भी है कि जस्टिस सुबोध अभ्यंकर को इंदौर बेंच का प्रशासनिक न्यायाधीश बनाया जा सकता है। जस्टिस विजय कुमार शुक्ला के सेवानिवृत्त होने के बाद मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या घटकर 37 रह जाएगी। जबकि हाईकोर्ट में कुल 53 न्यायाधीशों के पद स्वीकृत हैं। इस स्थिति में 16 पद रिक्त हो जाएंगे।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-