पिपरिया-पचमढ़ी मार्ग में भीषण सड़क हादसा, कार पलटी, शिक्षक, पत्नी-बेटे सहित पांच की मौत, दो की हालत गंभीर

पिपरिया-पचमढ़ी मार्ग में भीषण सड़क हादसा, कार पलटी, शिक्षक, पत्नी-बेटे सहित पांच की मौत, दो की हालत गंभीर

प्रेषित समय :11:16:26 AM / Tue, Jun 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नर्मदापुरम. मध्य प्रदेश के पिपरिया-पचमढ़ी मार्ग पर मटकुली-झिरिया के पास सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर 3 बार पलटते हुए पेड़ से जा टकराई. इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई. वहीं 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मरने वालों में पति-पत्नी और 8 साल का बच्चा भी शामिल है.

घायलों को नर्मदापुरम किया गया रेफर

सोमवार शाम सड़क दुर्घटना में बोलेरो सवार 5 लोगों की मौत हो गई. जिसमें एक परिवार के 3 लोग पति-पत्नी और 8 साल का बच्चा भी शामिल है. वहीं, बोलेरो में मौजूद उनके नजदीकी 2 रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों को इलाज के लिए पिपरिया अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें नर्मदापुरम रेफर कर दिया गया.

पलटने के बाद पेड़ से टकराई बोलेरो

घायलों के मुताबिक बोलेरो जीप तामिया से मटकुली की ओर आ रही थी. इसी दौरान सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बोलेरो अनियंत्रित हो गई. तेज रफ्तार होने के कारण बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और सीधे पेड़ से टकरा गई.

राहगीरों की मदद से घायलों को निकाला

घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई. वहीं, दोनों तरफ से आ रहे राहगीरों का मौके पर लंबा जाम लग गया. स्थानीय लोगों ने पुलिस एव एंबुलेंस को सूचना दी. इसके बाद राहगीरों की मदद से वाहन के अंदर फंसे मृतक और घायलों को बाहर निकाला गया. इसके बाद सभी को पिपरिया अस्पताल लाया गया, जहां से घायलों को बेहतर इलाज के लिए नर्मदापुरम रेफर कर दिया गया. वहीं, पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

पति-पत्नी और बच्चे की हुई मौत

पुलिस के अनुसार दुर्घटना में मृतकों की पहचान नर्मदापुरम के बंजारा ड्रीम निवासी प्रदीप धुर्वे (48), पत्नी ज्योति धुर्वे, बेटा अक्षत धुर्वे (8) के रूप में हुई है. वहीं, उनके नजदीकी रिश्तेदार समनापुर निवासी पंचम ठाकुर (55) और झिरपा करेर निवासी कुलदीप ठाकुर (40) की भी मौत हो गई. घायलों में समनापुर निवासी आकाश धुर्वे (25) और शरद उइके (21) शामिल हैं.

तेरहवीं कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार

एक दिन पूर्व यह सभी एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोग देलाखारी गए थे. वहां से रात को तामिया आकर रुक गए. सोमवार को बोलेरो वाहन से वापस पिपरिया आ रहे थे. इसी दौरान मटकुली और झिरिया के बीच हादसे का शिकार हो गए. इस मामले को लेकर थाना प्रभारी मदन पवार ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बोलेरो का अनियंत्रित होकर पलटना सामने आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-