वैभव सूर्यवंशी ने खोया आपा, श्रीलंकाई खिलाड़ी से की धक्का-मुक्की, मचा बवाल, जानें किस बात पर खोया आपा

वैभव सूर्यवंशी ने खोया आपा, श्रीलंकाई खिलाड़ी से की धक्का-मुक्की, मचा बवाल, जानें किस बात पर खोया आपा

प्रेषित समय :16:08:28 PM / Tue, Jun 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

दाम्बुला. ट्राई-सीरीज़ के एक मैच में इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच जमकर बवाल हो गया. मैच तो श्रीलंका ने सुपर ओवर में जीता, लेकिन इसके बाद मैदान पर जो हुआ, वो खेल भावना के बिल्कुल खिलाफ था. भारत के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंकाई खिलाडिय़ों के बीच धक्का-मुक्की तक हो गई. अब इस पूरी घटना की वजह सामने आई है. पता चला है कि श्रीलंकाई खिलाडिय़ों की भद्दी स्लेजिंग और तानों की वजह से शांत रहने वाले वैभव अपना आपा खो बैठे.

ये पूरा ड्रामा दाम्बुला के रणगिरि स्टेडियम में हुए मैच के दौरान हुआ. मैच में दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहा. आखिरी गेंद पर श्रीलंका को जीत के लिए दो रन चाहिए थे, लेकिन वे 9 विकेट पर 265 रन ही बना सके. इसके बाद मैच सुपर ओवर में चला गया. सुपर ओवर में श्रीलंका ने पहले बैटिंग करते हुए 18 रन बनाए. भारत को जीत के लिए 19 रन का टारगेट मिला. सूर्यांश शेडगे ने पहली तीन गेंदें खेलीं. जब वैभव सूर्यवंशी स्ट्राइक पर आए, तो भारत को आखिरी तीन गेंदों में 14 रन चाहिए थे.

श्रीलंकाई पेसर कुगदास मथुलन की चौथी गेंद यॉर्कर थी, जिस पर वैभव सिर्फ दो रन ही ले पाए. पांचवीं गेंद पर उन्होंने चौका जड़ा. अब आखिरी गेंद पर जीत के लिए आठ रन चाहिए थे. मथुलन ने एक वाइड यॉर्कर फेंकी, जिस पर वैभव कोई रन नहीं बना पाए और भारत मैच हार गया. इसके बाद श्रीलंकाई टीम भारतीय खिलाडिय़ों के पास आकर जश्न मनाने लगी.

इसी बीच, श्रीलंकाई खिलाडिय़ों ने वैभव और शेडगे पर लगातार फब्तियां कसनी शुरू कर दीं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि श्रीलंकाई खिलाड़ी पवेलियन लौट रहे भारतीय बल्लेबाज़ों का पीछा कर उन्हें उकसा रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, एक श्रीलंकाई खिलाड़ी ने राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले वैभव को चिढ़ाते हुए कहा, यह तेरा आईपीएल नहीं है. बस यही बात वैभव को चुभ गई. पिछले साल अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तानी खिलाडिय़ों ने भी वैभव के खिलाफ इन्हीं शब्दों का इस्तेमाल किया था. शुरू में तो वैभव ने इन तानों को नजऱअंदाज़ किया, लेकिन जब श्रीलंकाई खिलाड़ी हद पार करने लगे तो उनका सब्र टूट गया. उन्होंने एक श्रीलंकाई खिलाड़ी को धक्का दे दिया. इसके तुरंत बाद बाकी खिलाडिय़ों और अंपायरों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-