जबलपुर. पमरे के जबलपुर मंडल में मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त करते हुए सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड द्वारा विश्व रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य पर वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन बचाने में अपना अमूल्य योगदान दिया.
शिविर को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा ने सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन प्रदान करने का सबसे श्रेष्ठ माध्यम है. उन्होंने रेलवे के रक्तवीरों द्वारा किए गए इस पुनीत कार्य को प्रशंसनीय एवं प्रेरणादायक बताया.
इस अवसर पर रेल चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेन्द्र दीक्षित, एम.डी. डॉ. अशोक कुमार, मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौहान, विक्टोरिया अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अमितोज भल्ला, डॉ. विशाल कुमार एवं एम.के. गुप्ता सहित अन्य चिकित्सकीय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा.
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेन्द्र दीक्षित ने मंडल रेल प्रबंधक श्री तलरेजा की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर को जरूरतमंदों की सहायता के लिए रेलवे की महत्वपूर्ण सामाजिक पहल बताया. शिविर में डॉ. संदीप चौहान सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष रेल कर्मचारियों ने रक्तदान किया. एल्गिन एवं विक्टोरिया अस्पताल के ब्लड बैंक द्वारा शिविर में एकत्रित लगभग 65 यूनिट रक्त को सुरक्षित रूप से संरक्षित किया गया.
रक्तदाताओं में देवेन्द्र कुमार, अर्जुन हालदार, दुर्गा तिवारी, रमेश कुमार, अपराजिता सिन्हा, तुषार रैकवार, मुकेश यादव, अमित सोनी, नीरज कुंडे एवं मंजीत जैन सहित अनेक रेलकर्मी प्रमुख रहे. कार्यक्रम के समापन अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री तलरेजा एवं चिकित्सकों द्वारा रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया. सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के मंडल सचिव सादिक खान सहित नीलू वर्मा, शीला सिंह, शालिनी मिश्रा, मार्तंड सिंह, नवीन कुमार, अर्जुन कुमार, महेंद्र सेन एवं राहुल यादव ने शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

