राष्ट्रपति के प्रस्तावित प्रवास के मद्देनजर री-नीट के छह परीक्षा केंद्रों के आसपास सामान्यजनों का प्रवेश रह सकता प्रतिबंधित

राष्ट्रपति के प्रस्तावित प्रवास के मद्देनजर री-नीट के छह परीक्षा केंद्रों के आसपास सामान्यजनों का प्रवेश रह सकता प्रतिबंधित

प्रेषित समय :16:10:07 PM / Wed, Jun 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. 21 जून को आयोजित होने वाली री-नीट-2026 परीक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों और परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय और डुमना एयरपोर्ट क्षेत्र के आसपास बनाए गए छह परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश केवल वैध प्रवेश पत्र और पहचान पत्र के आधार पर ही दिया जाएगा. परीक्षार्थियों को परीक्षा के दिन अपने सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की सलाह दी गई है ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा रविवार 21 जून को री-नीट-2026 परीक्षा आयोजित की जा रही है. इसी दिन रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह का भी आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें महामहिम राष्ट्रपति के शामिल होने की संभावना है. राष्ट्रपति के संभावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अत्यंत संवेदनशील बनाया गया है. प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा कारणों और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय तथा आसपास के क्षेत्रों में आम नागरिकों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है.

ऐसी स्थिति में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले विद्यार्थियों और परीक्षा कार्य में लगे कर्मचारियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. जिला प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने वाले सभी परीक्षार्थी अपना प्रवेश पत्र और एक वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ रखें. इसी प्रकार परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अपना अधिकृत परिचय पत्र साथ रखना होगा. सुरक्षा जांच के दौरान इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर प्रवेश की अनुमति प्रदान की जाएगी.

प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील भी की है, क्योंकि राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम के कारण यातायात व्यवस्था में परिवर्तन संभव है. सुरक्षा जांच और मार्ग प्रतिबंधों के चलते परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग सकता है. ऐसे में अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से काफी पहले घर से निकलने की सलाह दी गई है.

परीक्षा के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन ने छह परीक्षा केंद्रों पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की भी नियुक्ति की है. पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सीएमएम जबलपुर केंद्र के लिए अनुविभागीय अधिकारी कुण्डम को ड्यूटी मजिस्ट्रेट बनाया गया है. वहीं शासकीय विज्ञान महाविद्यालय जबलपुर और प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकोशल कला एवं वाणिज्य स्वशासी महाविद्यालय के लिए संयुक्त कलेक्टर श्रीमती नदीमा शीरी को जिम्मेदारी सौंपी गई है.

इसके अलावा धर्मशास्त्र नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, पीडीपीएम भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी अभिकल्पन एवं विनिर्माण संस्थान तथा डुमना एयरपोर्ट रोड स्थित स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट परीक्षा केंद्रों के लिए संयुक्त कलेक्टर श्री पुष्पेन्द्र अहके को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है. इन अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाएगी.

जिला प्रशासन ने दोहराया है कि सभी परीक्षार्थी और परीक्षा से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी अपने प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्र साथ लेकर ही परीक्षा केंद्र पहुंचें. सुरक्षा व्यवस्था के कारण दस्तावेजों के बिना प्रवेश संभव नहीं होगा. प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था परीक्षार्थियों की सुविधा, परीक्षा की निष्पक्षता और राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम की सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर लागू की जा रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-