जबलपुर. पमरे के जबलपुर रेलवे स्टेशन में अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर यात्रियों और अधिकृत वेंडरों के वीडियो बनाने, उन्हें धमकाने और रेलवे स्टाफ के कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले चार फर्जी मीडियाकर्मियों को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार किया है. उनका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है.
बताया जाता है कि आरपीएफ पोस्ट जबलपुर के उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह जवानों के साथ स्टेशन परिसर में संदिग्ध रूप से घूम रहे चार व्यक्तियों को पकड़ा. पूछताछ के दौरान उनके पास रेलवे परिसर में प्रवेश का कोई वैध अधिकार पत्र नहीं मिला.
महिलाओं व वेंडरों के मोबाइल से वीडियो बनाए
जांच में सामने आया कि गत 15 जून की रात सभी आरोपित प्लेटफार्म नंबर दो-तीन पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने यात्रियों, महिलाओं एवं वेंडरों के मोबाइल से वीडियो बनाए और उनसे अभद्र व्यवहार किया.
मीडियाकर्मी बताकर वेंडरों को धमका रहे थे
आरोपियों ने स्वयं को मीडियाकर्मी बताया और वेंडरों को धमकाया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तुलसी मोहल्ला निवासी रोहित रजक, देवेंद्र विनोदिया, हनुमानताल निवासी संतोष लालवानी और सदर निवासी फिरोज खान उर्फ अक्कू के रूप में हुई है. घमापुर निवासी दीपक सोनकर फरार है. सभी के खिलाफ रेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है.


