डिंडौरी. एमपी के डिंडोरी में विक्रमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के कैलवारा गांव में बुधवार रात अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे बैठे आठ मवेशियों को कुचल दिया. घटना में सभी मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
घटना शहपुरा-बटौंधा स्टेट हाईवे पर कैलवारा गांव के पास हुई. रात के समय मवेशी सड़क किनारे बैठे थे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया. सुबह ग्रामीणों ने मृत मवेशियों को सड़क किनारे देखा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी.
भारी वाहन ने मवेशियों को कुचला
विक्रमपुर चौकी प्रभारी अतुल हरदहा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया. प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह हादसा किसी भारी वाहन की टक्कर से हुआ है. अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में मुखबिरों को सक्रिय किया गया है.
पुलिस सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि फुटेज की मदद से वाहन की पहचान हो सकेगी. पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण और मवेशियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

