रोजगार योजना का भव्य आयोजन, प्रधानमंत्री ने दिल्ली से बांटे 2400 करोड़ रुपये के प्रोत्साहन

रोजगार योजना का भव्य आयोजन, प्रधानमंत्री ने दिल्ली से बांटे 2400 करोड़ रुपये के प्रोत्साहन

प्रेषित समय :21:55:11 PM / Fri, Jun 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. संस्कृति थिएटर में शुक्रवार को प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नव नियुक्त कर्मचारी, नियोक्ता, जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए. कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नई दिल्ली के विज्ञान भवन से किया गया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के लाभार्थियों और संस्थानों को लगभग 2400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की. जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि नगर निगम महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए.

संस्कृति थिएटर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रोजगार सृजन करने वाले संस्थानों तथा योजना के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया. क्षेत्रीय भविष्य निधि संगठन जबलपुर के अंतर्गत सर्वाधिक रोजगार सृजन करने वाले संस्थानों द्वारा पांच नव नियुक्त कर्मचारियों को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए. कार्यक्रम में 73 संस्थानों के प्रतिनिधियों और 300 से अधिक नव नियुक्त कर्मचारियों की उपस्थिति रही.

मुख्य अतिथि प्रहलाद पटेल ने कहा कि सरकार श्रमिकों के बहुआयामी कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है और प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना रोजगार सृजन तथा सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी. उन्होंने कहा कि श्रम संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन से श्रमिकों और नियोक्ताओं दोनों को लाभ मिल रहा है. महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने कहा कि श्रम योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है तथा श्रमिकों को बिना किसी बिचौलिए के सीधे लाभ प्राप्त हो रहे हैं.

इस अवसर पर लाभार्थियों और नियोक्ताओं ने भी अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने के साथ-साथ आर्थिक प्रोत्साहन भी प्राप्त हो रहा है. नियोक्ताओं ने बताया कि योजना के तहत मिलने वाली सहायता से छोटे और मध्यम संस्थानों को भी नए रोजगार सृजित करने के लिए प्रोत्साहन मिला है.

कार्यक्रम के दौरान नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना केवल रोजगार उपलब्ध कराने की योजना नहीं है, बल्कि युवाओं की आकांक्षाओं को मजबूती देने और उद्योग जगत तथा कार्यबल के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने का माध्यम है. उन्होंने कहा कि सरकार एक साथ युवाओं और रोजगार देने वाले संस्थानों दोनों को प्रोत्साहित कर रही है.

प्रधानमंत्री ने बताया कि योजना के माध्यम से अब तक लगभग 70 लाख नई नौकरियां सृजित हुई हैं और इतनी ही संख्या में पहली बार नौकरी करने वाले युवाओं को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाया गया है. उन्होंने कहा कि करीब 20 लाख युवाओं ने अपनी पहली नौकरी में छह महीने पूरे कर लिए हैं, जबकि लगभग 10 लाख लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि प्राप्त हो चुकी है. लाभार्थियों के खातों में 2000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की गई है.

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत का सामाजिक सुरक्षा कवरेज 19 प्रतिशत से बढ़कर 64.3 प्रतिशत तक पहुंच गया है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से 2024 के बीच देश में लगभग 17 करोड़ रोजगार अवसर सृजित हुए हैं, जो रोजगार सृजन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है.

मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ क्षेत्र में योजना के तहत 34 हजार 610 लाभार्थियों को 17.08 करोड़ रुपये की सहायता वितरित की गई. वहीं अतिरिक्त रोजगार सृजन करने वाले 2476 संस्थानों को 44.11 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि जारी की गई. योजना के माध्यम से सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक सुरक्षा का लाभ उपलब्ध कराना और औपचारिक रोजगार के दायरे का विस्तार करना है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-