प्रतापपुर. जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत झिंगरामाड़ा जंगल में एक ही स्थान पर तीन भालुओं की मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया है. मृत भालुओं में एक मादा, एक नर और एक शावक शामिल हैं. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल है.
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तीनों भालुओं की मौत करंट लगने से हुई हो सकती है. बताया गया है कि हाल ही में आए आंधी-तूफान के कारण हाई टेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर जंगल में गिर गया था. माना जा रहा है कि इसी टूटे हुए तार की चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हुआ.
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद तीन सदस्यीय पशु चिकित्सकों की टीम ने घटनास्थल पर ही तीनों भालुओं का पोस्टमार्टम किया. बाद में वन विभाग ने नियमानुसार शवों का अंतिम संस्कार भी कर दिया.
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.
यदि जांच में करंट लगने से मौत की पुष्टि होती है, तो बिजली विभाग की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं. इस घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण शुरू कर दिया है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

