रायपुर. छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले की जांच के तहत शनिवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कान्हा विहार स्थित कारोबारी अहिंदर के निवास सहित उससे जुड़े कई अन्य स्थानों पर की गई।
सुबह से शुरू हुई इस कार्रवाई में जांच टीम ने कारोबारी के घर और अन्य ठिकानों पर मौजूद वित्तीय रिकॉर्ड, रजिस्टर और दस्तावेजों की गहन जांच की। कई घंटों तक चली इस तलाशी के दौरान अधिकारियों ने महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं, जिन्हें आगे की जांच के लिए अपने साथ ले जाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, ACB और EOW की टीम सुबह ही कान्हा विहार पहुंच गई थी और कारोबारी से पूछताछ के साथ-साथ उसके आय-व्यय, बैंकिंग लेनदेन और व्यवसायिक गतिविधियों से जुड़े दस्तावेजों की विस्तृत जांच की गई। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में हलचल का माहौल रहा।
बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियां इस छापेमारी को छत्तीसगढ़ शराब घोटाले से जुड़े संभावित नेटवर्क और लेनदेन की कड़ियों से जोड़कर देख रही हैं। जब्त दस्तावेजों के आधार पर कारोबारी के विभिन्न संपर्कों और वित्तीय ट्रांजेक्शन की गहराई से जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि इसी जिले में पहले भी आबकारी विभाग के एक अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज हो चुका है। ऐसे में इस ताजा कार्रवाई को शराब घोटाले की जांच में एक अहम कदम माना जा रहा है।
हालांकि इस पूरे मामले पर ACB और EOW की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन जांच एजेंसियों का कहना है कि दस्तावेजों के विश्लेषण के बाद आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
फिलहाल दोनों एजेंसियां मामले की हर एंगल से जांच कर रही हैं और जब्त दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल जारी है।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

