जबलपुर में योग दिवस की तैयारियों के गैरिसन ग्राउंड में हादसा, तेज आंधी के बीच गिरा मंच का शेड और बोर्ड, तीन घायल

जबलपुर में योग दिवस की तैयारियों के गैरिसन ग्राउंड में हादसा, तेज आंधी के बीच गिरा मंच का शेड और बोर्ड, तीन घायल

प्रेषित समय :21:06:41 PM / Sat, Jun 20th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में गैरिसन ग्राउंड में आयोजित होने वाले योग दिवस की तैयारियों के बीच चली तेज आंधी से मंच का शेड व बोर्ड गिर गया. इस दुर्घटना में वहां काम कर रहे 2 मजदूर और 1 अन्य कार्यकर्ता गंभीर रूप से मलबे के नीचे दब गए. जिससे भोपाल निवासी कार्यकर्ता साजिब खान के शरीर पर गंभीर चोट आई है. जबकि नीचे काम कर रहे 2 अन्य मजदूरों को हल्की चोटें आई है. जिन्हे तत्काल की नजदीक के अस्पताल पहुंचाया गया.

सदर के गैरिसन ग्राउंड में योग दिवस के मुख्य आयोजन के लिए विशाल और आकर्षक मंच तैयार किया जा रहा था. आज शाम मंच का शेड भरभराकर गिर गया, जिससे शेड के नीचे काम कर रहे दो श्रमिक चपेट में आकर दब गए. शेड गिरते देख अन्य कर्मचारियों में हड़कम्प मच गया, सभी लोग पहुंच गए और तीनों को मलबा हटाकर बाहर निकाला गया. वही दूसरी ओर मुख्य मंच के दाहिनी तरफ एक बड़ा और भारी प्लाईवुड का बोर्ड लगाया जा रहा था, जिस पर योगमय मध्य प्रदेश का मुख्य संदेश लिखा हुआ था.

इस विशालकाय बोर्ड को खड़ा करते समय वह भी हवा के उसी तेज झोंके ने इसे पीछे से टक्कर मारी. संतुलन बिगडऩे के कारण यह भारी बोर्ड सीधे वहां काम कर रहे भोपाल निवासी कार्यकर्ता साजिब खान के ऊपर पलट गया. साजिब खान पूरी तरह से बोर्ड के वजन के नीचे दब गए. वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य कार्यकर्ताओं ने आनन-फानन में बोर्ड को उठाकर साजिब को मुक्त कराया. इस हादसे में साजिब के पेट में गहरी अंदरूनी चोट आई है, जिसके कारण उन्हें अत्यधिक दर्द की शिकायत होने पर तुरंत चिकित्सकीय देखरेख में भेजा गया. घटना की खबर मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों सहित अन्य अधिकारी गण मौके पर पहुंच गए थे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-