जबलपुर में स्कूटी की डिक्की से निकालते ही दब गया ट्रिगर, चल गई पिस्टल से गोली, घायल युवक बोला दोस्त की है

जबलपुर में स्कूटी की डिक्की से निकालते ही दब गया ट्रिगर, चल गई पिस्टल से गोली, घायल युवक बोला दोस्त की है

प्रेषित समय :19:36:26 PM / Sat, Jun 20th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के गढ़ा क्षेत्र में आज दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया. जब एक युवक को स्कूटी की डिक्की में रखी पिस्टल उठाना भारी पड़ गया. पिस्टल हाथ में लेते ही अचानक ट्रिगर दब गया और गोली युवक के हाथ में जा लगी. गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां पर युवक को भरती कर लिया गया है.

पुलिस के अनुसार कृपाल चौक निवासी शुभम ठाकुर उम्र 20 वर्ष के घर आज दोपहर गैस सिलेंडर खत्म हो गया था. सिलेंडर भरवाने के लिए उसने पड़ोस में रहने वाले अपने दोस्त की एक्सिस स्कूटी ली और घर आ गया. गैस एजेंसी की पासबुक रखने के लिए जैसे ही उसने स्कूटी की डिक्की खोली, उसमें एक पिस्टल रखी दिखाई दी. बताया जा रहा है कि पिस्टल देखकर शुभम घबरा गया. वह परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास मौजूद लोगों से बचते हुए पिस्टल को घर के अंदर रखने के लिए उठा रहा था. इसी दौरान उससे अनजाने में ट्रिगर दब गया. तेज धमाके के साथ चली गोली सीधे उसके हाथ में जा लगी और वह मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा.

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. शुरुआत में किसी को समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है, लेकिन पास जाकर देखा तो शुभम खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था और पास में पिस्टल पड़ी हुई थी. परिजन और स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया. घटना की सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची, लेकिन घायल युवक की हालत गंभीर होने और बेहोश होने के कारण उसके बयान दर्ज नहीं किए जा सके.

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पिस्टल किसकी है और वह स्कूटी की डिक्की तक कैसे पहुंची. घटना ने इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. एक सामान्य दोपहिया वाहन में हथियार रखा होना पुलिस के लिए जांच का विषय बन गया है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मामला महज लापरवाही का है या इसके पीछे किसी अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का संबंध है. पुलिस ने पिस्टल को जब्त कर लिया है और उसके असली मालिक का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-