मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के सरगांव तहसील अंतर्गत ग्राम रामबोड़ स्थित वासुदेव ट्रेड प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश फैल गया। ट्रक की चपेट में आने से युवक धर्मेंद्र यादव की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने रायपुर–बिलासपुर नेशनल हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग प्लांट प्रबंधन पर लापरवाही और उचित मुआवजा न देने का आरोप लगाते हुए आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते एनएच पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। सरगांव तहसीलदार अतुल वैष्णव ने परिजनों, ग्रामीणों और प्लांट प्रबंधन के बीच कई दौर की बातचीत कर मामला शांत कराया।
लंबी चर्चा के बाद मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी, साथ ही बीमा राशि अलग से दिए जाने का आश्वासन भी दिया गया। समझौते के बाद परिजनों ने आंदोलन समाप्त कर दिया और चक्काजाम हटा लिया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में फिलहाल शांति है, लेकिन औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और श्रमिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

