जबलपुर में जान-बूझकर की जा रही बिजली कटौती, विधायक लखन घनघोरिया ने एसई को ज्ञापन सौंपकर की सुधार की मांग

जबलपुर में जान-बूझकर की जा रही बिजली कटौती, विधायक लखन घनघोरिया ने एसई को ज्ञापन सौंपकर की सुधार की मांग

प्रेषित समय :18:33:53 PM / Mon, Jun 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में पूर्व विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और ट्रिपिंग के विरोध में कांग्रेस ने विरोध दर्ज कराया है. कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण अभियंता (शहर) कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के बाद विधायक घनघोरिया ने अधीक्षण अभियंता संजय अरोड़ा को ज्ञापन सौंपकर बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की.

विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि पूरे शहर की तुलना में पूर्व विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक बिजली कटौती की जा रही है. विभाग को रखरखाव कार्यों के लिए 500 करोड़ रुपए की राशि प्राप्त हुई है, लेकिन इसका असर जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं दे रहा है. क्षेत्र में बिजली की लाइनें और कई खंभे अब भी जर्जर स्थिति में हैं, जिसके कारण त्योहारों के दौरान भी बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है.

बड़े बकायादारों पर ठोस कार्रवाई नहीं-

घनघोरिया ने विभाग पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप भी लगाया. उनका कहना था कि गरीब और छोटे उपभोक्ताओं के एक-दो हजार रुपए के बकाया बिल पर तत्काल बिजली कनेक्शन काट दिए जाते हैं, जबकि बड़े बकाएदारों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती.

बढ़े हुए बिजली के बिलों से उपभोक्ता परेशान-

उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ता बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान हैं, बिजली दरों में लगातार वृद्धि हो रही है और स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं से अतिरिक्त वसूली की जा रही है, जबकि उन्हें अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं. वहीं, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय अरोड़ा ने इन आरोपों को खारिज किया. उन्होंने कहा कि शहर के सभी क्षेत्रों में समान रूप से बिजली आपूर्ति की जा रही है. अरोड़ा के अनुसार, मानसून से पहले कभी-कभी ट्रिपिंग की समस्या हो सकती है, लेकिन इसे शीघ्र ही पूरी तरह दूर कर लिया जाएगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-