मंड्या. कर्नाटक के मंड्या जिले के मलवल्ली तालुक स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मुत्तथी के पास कावेरी नदी में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की डूबने से मौत हो गई. घटना शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है. मृतकों की पहचान चैत्रा (20), प्रियंका (28), श्वेता (38), विजयम्मा (50) और महेश के रूप में हुई है. सभी चन्नपट्टना के ब्यादरहल्ली गांव के निवासी थे.
जानकारी के अनुसार परिवार प्रसिद्ध मुत्तथीराया मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करने के बाद कावेरी नदी के किनारे पहुंचा था. इसी दौरान परिवार के कुछ सदस्य तस्वीरें खिंचवाने के लिए नदी में उतर गए. उन्हें अंदाजा नहीं था कि पानी गहरा और बहाव तेज है.
एक को बचाने की कोशिश में पांच लोगों की गई जान
पुलिस के मुताबिक हादसा तब शुरू हुआ जब विजयम्मा नदी के गहरे हिस्से में फिसल गईं और डूबने लगीं. उन्हें बचाने के लिए परिवार के अन्य सदस्य एक-एक कर पानी में उतरे, लेकिन तेज बहाव की चपेट में आकर सभी डूब गए. मंड्या की पुलिस अधीक्षक डॉ. वी.जे. शोभारानी ने बताया कि परिवार की चार महिलाएं फोटो खिंचवाने के लिए नदी में उतरी थीं. वहां तैनात होमगार्ड जवानों ने उन्हें आगे न बढऩे की चेतावनी भी दी थी, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया. हादसे के दौरान परिवार के सदस्य रवि ने भी बचाव का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. परिवार के साथ मौजूद चार वर्षीय बच्चा भी पूरी तरह सुरक्षित है.
तलाशी अभियान चलाकर बरामद किए गए शव
घटना की सूचना मिलते ही हलागुरु पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची. फायर एंड रेस्क्यू विभाग ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया और कुछ ही देर में सभी पांचों शव बरामद कर लिए. शवों को पोस्टमार्टम के लिए मंड्या इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज अस्पताल भेज दिया गया है. हलागुरु पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

