रायपुर में धर्मांतरण का मामला: दो पास्टर गिरफ्तार, कार्रवाई के विरोध में ईसाई समाज ने थाने में किया प्रदर्शन

रायपुर में धर्मांतरण का मामला: दो पास्टर गिरफ्तार, कार्रवाई के विरोध में ईसाई समाज ने थाने में किया प्रदर्शन

प्रेषित समय :15:04:09 PM / Thu, Jun 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर.राजधानी के ग्रामीण इलाके में धर्मांतरण और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का एक बड़ा मामला सामने आया है. खरोरा थाना क्षेत्र के ग्राम मांठ में हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और ग्रामीणों पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने दो पास्टरों को गिरफ्तार किया है. वहीं, इस कार्रवाई के विरोध में ईसाई समाज के सैकड़ों लोग थाने पहुंच गए और गिरफ्तारी को गलत बताते हुए जमकर हंगामा किया. सुरक्षा के मद्देनजर आरोपियों को विधानसभा थाने में रखा गया है.

ग्रामीणों का आरोप: देवी-देवताओं पर की आपत्तिजनक टिप्पणी
यह पूरा मामला ग्राम मांठ के ग्रामीणों की शिकायत पर दर्ज हुआ है. ग्रामीण हेमंत मरावी, अरुण कुमार उइके और राकेश कुमार उइके ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी.

लगातार आ रहे थे गांव: शिकायत के अनुसार, रायपुर निवासी पास्टर सुशांत ज्ञानिक और उनका सहयोगी पीयूष पटेल पिछले कुछ समय से लगातार गांव के आदिवासी मोहल्ले में आ-जा रहे थे.

बना रहे थे दबाव: आरोप है कि दोनों आरोपी ग्रामीणों को हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रलोभन और दबाव दे रहे थे. विरोध करने पर आरोपियों द्वारा हिंदू देवी-देवताओं और धार्मिक मान्यताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं.

विवाद की वजह: 24 जून की शाम जब दोनों आरोपी फिर से गांव पहुंचे और एक घर में प्रार्थना सभा आयोजित कर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने लगे, तो ग्रामीणों ने इसका कड़ा विरोध किया. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को सूचना दी गई.

इन गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज
ग्रामीणों के भारी आक्रोश और शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पास्टर सुशांत ज्ञानिक और पीयूष पटेल को हिरासत में ले लिया.

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299, 302, 3(5) के तहत केस दर्ज किया है.

इसके साथ ही छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 1968 की धारा 4 के तहत भी सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है.

विधानसभा थाने का घेराव, निष्पक्ष जांच की मांग
गिरफ्तारी की खबर मिलते ही ईसाई समाज के लोग बड़ी संख्या में एकजुट होकर विधानसभा थाने पहुंच गए. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पास्टरों को झूठे और मनगढ़ंत आरोपों के आधार पर फंसाया गया है. समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच करने की मांग की है.

वर्तमान में स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए थाने के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-