नीट पेपर लीक को लेकर कांग्रेस आक्रामक, एमपी में उतारे कई बड़े नेता, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

नीट पेपर लीक को लेकर कांग्रेस आक्रामक, एमपी में उतारे कई बड़े नेता, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

प्रेषित समय :15:22:07 PM / Thu, Jun 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

भोपाल. नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस आक्रामक हो गई है. इसी सिलसिले में गुरुवार को मध्य प्रदेश के कई शहरों में कांग्रेस नेता प्रेस कांफ्रेंस कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे हैं. मध्यप्रदेश के कई बड़े नेता दूसरे राज्यों में प्रेस कांफ्रेंस कर रहे हैं, वहीं अन्य प्रदेशों के नेता गुरुवार को मध्यप्रदेश में प्रेस कांफ्रेंस कर इस मुद्दे को प्रभावी बनाने का प्रयास कर रहे हैं.

कांग्रेस का आरोप है कि देश में शिक्षा व्यवस्था में अन्याय बढ़ रहा है, लगातार पेपर लीक हो रहे हैं, भ्रष्टाचार और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है. इसे लेकर विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छात्रों की गूंज अभियान शुरू किया है, जिसे हर व्यक्ति तक कांग्रेस पहुंचाना चाहती है.

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी भोपाल में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में मौजूद थे. उन्होंने भी शिक्षा मंत्री पर जमकर हमला बोला. पटवारी ने कहा कि नीट की परीक्षा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान दोषी है. उनका इस्तीफा होना चाहिए. हर भर्ती परीक्षा का वार्षिक कैलेंडर जारी होना चाहिए. हम अब भी चुप रहे तो देश के बच्चों का भविष्य नहीं बचेगा.

भोपाल में सांसद इमरान मसूद

इधर, भोपाल में भी कांग्रेस नेता एवं सांसद इमरान मसूद आए. उन्होंने देश की शिक्षा व्यवस्था को आईसीयू में बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की. इमरान मसूद के साथ ही अन्य युवा नेता भी थे, उन्होंने भी अपने विचार रखे.

ग्वालियर में पप्पू यादव

इसी सिलसिले में ग्वालियर में भी कांग्रेस ने प्रेस कांफ्रेंस की, इसमें बिहार राज्य के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने केंद्र सरकार पर जमकर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री न कुछ कहते हैं न सुनना चाहते हैं. यादव ने धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग भी की.

इंदौर में अभिषेक दत्त

इधर, इंदौर में गुरुवार को अभिषेक दत्त ने भी राहुल गांधी द्वारा चलाए गए अभियान के तहत प्रेस कांफ्रेस की. उन्होंने कहा कि देश में शिक्षा व्यवस्था चौपट हो गई है. लगातार परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं. छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है. दत्त ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की. इसके अलावा मध्य प्रदेश के जयवर्धन सिंह बिलासपुर में, विक्रांत भूरिया हैदराबाद में, जीतू पटवारी नागपुर में और उमंग सिंघार प्रयागराज में प्रेस कांफ्रेंस कर रहे हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-