मोदी कैबिनेट में शीघ्र फेरबदल : धर्मेंद्र प्रधान समेत 2 मंत्री हो सकते हैं बाहर, नीतीश कुमार की एंट्री के आसार

मोदी कैबिनेट में शीघ्र फेरबदल : धर्मेंद्र प्रधान समेत 2 मंत्री हो सकते हैं बाहर, नीतीश कुमार की एंट्री के आसार

प्रेषित समय :12:17:56 PM / Fri, Jun 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में जल्द फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं. हालांकि, अब तक न तो इसकी कोई आधिकारिक तारीख सामने आई है और न ही संभावित नामों की पुष्टि हुई है. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बार कुछ मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं, जबकि कुछ को मंत्रिमंडल से बाहर भी किया जा सकता है.

इन अटकलों के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का नाम भी चर्चा में है. इसके अलावा राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि उन्होंने इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अलग-अलग राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की थी. इसके बाद मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की संभावनाओं को लेकर अटकलों ने जोर पकड़ लिया.

मीडिया रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की जिम्मेदारी बदली जा सकती है. रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के स्थान पर पंजाब या सिख समुदाय से किसी अन्य नेता को मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है. वहीं, निर्मला सीतारमण, नितिन गडकरी और मनोहर लाल खट्टर के मंत्रालयों में भी बदलाव की अटकलें लगाई जा रही हैं. हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

रिपोर्टों के अनुसार, लोकसभा सांसद श्रीकांत शिंदे को भी केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है. साथ ही कुछ रिपोर्टों में राघव चड्ढा के नाम को लेकर भी चर्चाएं हैं. हालांकि, इस संबंध में सरकार या संबंधित नेताओं की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. साथ ही बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और टीएमसी छोड़कर आए सुखेंदु शेखर रे भी शामिल किए जा सकते हैं.

इस बीच, केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने राज्यसभा सदस्य के रूप में कार्यकाल समाप्त होने के बाद मंत्रिपद से इस्तीफा दे दिया है, जिसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्वीकार कर लिया है. वहीं, रवनीत सिंह बिट्टू, पंकज चौधरी और हर्ष मल्होत्रा अपने-अपने पदों पर बने हुए हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-