झारखंड : रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने सवारी गाड़ी में मारी टक्कर ताशा पार्टी के 7 लोगों की दर्दनाक मौत

झारखंड : रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने सवारी गाड़ी में मारी टक्कर ताशा पार्टी के 7 लोगों की दर्दनाक मौत

प्रेषित समय :13:16:14 PM / Fri, Jun 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रामगढ़. झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरूवार-शुक्रवार की दरमियानी देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई. जबकि 1 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा राजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी के पास रामगढ़-बोकारो नेशनल हाईवे-23 पर हुआ, जहां कोयले से लदे एक ट्रक और यात्री वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रात करीब 12 बजे हुई.

जानकारी के अनुसार, सवारी गाड़ी में सवार सभी लोग ताशा पार्टी के सदस्य थे. वे किसी शादी-विवाह कार्यक्रम में बाजा बजाने के लिए गोला की ओर से रामगढ़ जा रहे थे. इसी दौरान रामगढ़ की तरफ से आ रहे कोयले से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी. ये टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारी वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही 7 लोगों की मौत हो गई.

घायल को रिम्स किया गया रेफर

इस सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया. अस्पताल प्रशासन के अनुसार घायलों और मृतकों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई.

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. वहीं, पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है. जहां मृतकों में मांडू थाना क्षेत्र के हुवाग-बलसगरा स्थित कठरेवा गांव तथा रजरप्पा थाना क्षेत्र के मरांगमर्चा गांव के निवासी शामिल लोग हैं.

ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

इस भीषण सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और सुरक्षा उपायों की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लारी बुध बाजार के पास रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग को करीब 30 मिनच तक जाम कर दिया. इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. हालांकि प्रशासन के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटा लिया.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-