जबलपुर. जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है. जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत चार आदतन अपराधियों को निर्धारित अवधि तक प्रत्येक माह संबंधित पुलिस थाने में अनिवार्य रूप से हाजिरी लगाने के आदेश जारी किए हैं. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर की गई है.
जारी आदेश के अनुसार आधारताल थाना क्षेत्र के जगदंबा कॉलोनी, महाराजपुर निवासी 19 वर्षीय लकी गोटिया तथा गोरखपुर थाना क्षेत्र की हाथीताल कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय कबीर यादव को आगामी चार माह तक प्रत्येक माह की 15 और 25 तारीख को अपने-अपने संबंधित थाने में उपस्थित होकर हाजिरी दर्ज करानी होगी. यदि वे निर्धारित तिथियों पर उपस्थित नहीं होते हैं तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है.
इसी प्रकार गोहलपुर थाना क्षेत्र के मोतीनाला पुल के पास बंधैया मोहल्ला निवासी 34 वर्षीय गगन यादव तथा कटंगी थाना क्षेत्र के ईदगाह मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय अरबाज मंसूरी को आगामी तीन माह तक प्रत्येक माह की 25 तारीख को संबंधित थाना पहुंचकर अनिवार्य रूप से हाजिरी लगानी होगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन आदेशों का पालन करना संबंधित व्यक्तियों के लिए बाध्यकारी होगा.
प्रशासन के अनुसार चारों व्यक्तियों का आपराधिक रिकॉर्ड गंभीर प्रकृति का रहा है. इनके विरुद्ध मारपीट, गाली-गलौज, लूटपाट, अवैध हथियार रखने, चाकूबाजी, हत्या के प्रयास, घर में घुसकर तोड़फोड़, जान से मारने की धमकी, बलवा तथा जुआ-सट्टा जैसे कई गंभीर अपराध दर्ज हैं. लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण इन पर निगरानी बनाए रखने के उद्देश्य से राज्य सुरक्षा अधिनियम के प्रावधानों के तहत यह कार्रवाई की गई है.
प्रशासन का मानना है कि आदतन अपराधियों की नियमित निगरानी से उनकी गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जा सकेगा और अपराध की पुनरावृत्ति रोकने में मदद मिलेगी. इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी. पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित अपराधियों की हाजिरी का नियमित रिकॉर्ड रखा जाए और आदेशों का उल्लंघन होने पर तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए भविष्य में भी ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी. कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से सतत निगरानी रखेंगे, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

