इस्लामाबाद. वेनेजुएला में आए भूकंप के बाद शनिवार सुबह पाकिस्तान में भी तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 5.4 मापी गई. इसका केंद्र बलूचिस्तान प्रांत के बरखान शहर से लगभग 63 किलोमीटर दूर स्थित था.
भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह करीब 8:36 बजे आया. इसकी गहराई को लेकर अलग-अलग एजेंसियों ने अलग-अलग आंकड़े जारी किए हैं. इसकी गहराई 35 किलोमीटर बताई जाती है, जबकि कुछ अन्य रिपोर्टों में इसे 10 किलोमीटर दर्ज किया गया है.
भूकंप के झटके महसूस होते ही कई इलाकों में लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए. हालांकि, फिलहाल किसी के हताहत होने या बड़े पैमाने पर संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है. स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. साथ ही, दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भूकंप के प्रभाव का आकलन किया जा रहा है.
पाकिस्तान क्यों आता है बार-बार भूकंप की चपेट में?
पाकिस्तान दुनिया के सबसे संवेदनशील भूकंपीय क्षेत्रों में से एक माना जाता है. यह क्षेत्र इंडियन प्लेट और यूरेशियन प्लेट की सीमा पर स्थित है, जहां दोनों प्लेटों की लगातार होने वाली गतिविधियां भूकंप का कारण बनती हैं. विशेष रूप से बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा जैसे प्रांत सक्रिय फॉल्ट लाइनों के निकट होने के कारण अक्सर भूकंपीय गतिविधियों का सामना करते हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


