छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का नया लोगो लॉन्च, अब Infrastructure Development में भी निभाएगा बड़ी भूमिका: CM विष्णु देव साय

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का नया लोगो लॉन्च, अब Infrastructure Development में भी निभाएगा बड़ी भूमिका: CM विष्णु देव साय

प्रेषित समय :16:07:18 PM / Sat, Jun 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो का विमोचन किया. इस अवसर पर वर्ष 2025 के आवास मेले में मकान बुक करने वाले हितग्राहियों को लकी ड्रा के जरिए कार, स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और एलईडी टीवी सहित कई आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए गए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक केवल आवास निर्माण तक सीमित रहा मंडल आगे Infrastructure Development के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाएगा, जिससे प्रदेश के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि हर परिवार का पक्का घर होना सरकार की प्राथमिकता है और राज्य सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है.

उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में मंडल ने 7,388 संपत्तियों का विक्रय कर लगभग 1,532 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है. मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए विभाग और मंडल की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि सरकार ने गठन के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए थे और अब तक प्रदेश में 10.5 लाख से अधिक आवास पूरे किए जा चुके हैं.

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन करीब 1,600 नए आवास तैयार किए जा रहे हैं. इसके अलावा आत्मसमर्पित नक्सलियों और विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए भी विशेष आवास योजनाएं संचालित की जा रही हैं.

कार्यक्रम में आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि विभाग में प्रशासनिक सुधारों के तहत गृह निर्माण मंडल को नई पहचान देते हुए अधोसंरचना विकास मंडल बनाया गया है. उन्होंने बताया कि अब नई आवासीय परियोजनाएं तभी शुरू होंगी, जब पर्याप्त बुकिंग सुनिश्चित होगी, जिससे वित्तीय जोखिम कम होगा और परियोजनाओं का बेहतर संचालन संभव होगा.

इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि नई कार्य संस्कृति और मांग आधारित परियोजनाओं के जरिए मंडल प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा. कार्यक्रम में सारंगढ़ की पूजा बरेठ को लकी ड्रा में प्रथम पुरस्कार के रूप में कार प्रदान की गई, जबकि अन्य विजेताओं को स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और एलईडी टीवी जैसे पुरस्कार दिए गए.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-