रायपुर. राजधानी रायपुर में रुपये दोगुना करने का लालच देकर पुलिस मुख्यालय में पदस्थ एक उप पुलिस अधीक्षक (DSP) से 5 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ित अधिकारी की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने वकील नरेश दामोहे और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता की पहचान पिछले करीब दो वर्षों से आरोपी नरेश दामोहे से थी, जिसने खुद को वकील और फाइनेंस कारोबार से जुड़ा व्यक्ति बताया था. आरोप है कि 25 जून को उसने फोन कर डीएसपी को कमल विहार इलाके में बुलाया और पांच लाख रुपये दोगुना कर बैंक खाते में जमा कराने का झांसा दिया.
शिकायत के मुताबिक आरोपी ने अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर समय बिताया और आखिरकार रात में नेताजी चौक से इलेवन ग्राउंड पहुंचा. वहां उसके अन्य साथी भी मौजूद थे. इसी दौरान विवाद का माहौल बनाकर शिकायतकर्ता का ध्यान भटकाया गया. डीएसपी ने बताया कि उनका पांच लाख रुपये से भरा सूटकेस कार में रखा था.
कुछ देर बाद जब वे वापस कार के पास पहुंचे तो मोबाइल, दस्तावेज और अन्य सामान सुरक्षित मिला, लेकिन सूटकेस में रखे 5 लाख रुपये गायब थे. आरोप है कि आरोपी और उसके साथियों ने मौका पाकर नकदी निकाल ली.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. अब घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

