महासमुंद. किसानों को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग लगातार निरीक्षण अभियान चला रहा है. इसी क्रम में महासमुंद जिले में विभाग ने कार्रवाई करते हुए ओडिशा प्रिंट वाली 550 किलोग्राम उर्वरक जब्त की है.
कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने बागबाहरा विकासखंड के ग्राम घोयनाबाहरा स्थित वैष्णवी एग्रो इंडस्ट्रीज का औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान प्रतिष्ठान में सालेपाली, पाइकमाल, जिला बरगढ़ (ओडिशा) प्रिंट वाली PROM उर्वरक की 11 बोरियां (करीब 550 किलोग्राम) मिलीं. नियमों के उल्लंघन की आशंका के चलते विभाग ने पूरी खेप को जब्त कर लिया.
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसानों के हितों की रक्षा और उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिले में नियमित रूप से निरीक्षण किए जा रहे हैं. विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसानों को केवल वैध और मानक गुणवत्ता वाली खाद ही उपलब्ध हो.
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उर्वरक के भंडारण, परिवहन या विक्रय में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने यह भी कहा कि राज्यभर में उर्वरक निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

