जबलपुर के बरेला में पुरानी रंजिश के चलते घर पर बमों से किया हमला, महिला घायल

जबलपुर के बरेला में पुरानी रंजिश के चलते घर पर बमों से किया हमला, महिला घायल

प्रेषित समय :18:02:16 PM / Sun, Jun 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में बरेला स्थित वार्ड क्रमांक 6 में आज सुबह पुरानी रंजिश के चलते एक घर पर बम फेंकने का मामला सामने आया है. इस हमले में घर में काम कर रही सरोज बाई चक्रवर्ती की आंख में चोट आई है. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.

धमाके इतने जोरदार थे कि घर के दरवाजे और खिड़कियों के कांच टूट गए. इस घटना से इलाके और पीडि़त परिवार में दहशत फैल गई. वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें बदमाश बम फेंकते साफ नजर आ रहे हैं. पीडि़त परिवार ने अमन, विशाल और प्रदीप सोनकर पर हमले का आरोप लगाया है. जानकारी के अनुसार, सरोज चक्रवर्ती के बेटे पवन चक्रवर्ती का इन आरोपियों से पुराना विवाद चल रहा है. जनवरी 2026 में दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और हिंसक झड़प हुई थी.

इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया. घटना के वक्त घर के सभी सदस्य सो रहे थे, सरोज बाई पूजा करने उठी थीं. तभी अचानक धमाके की आवाज आई. सरोज खिड़की के पास पहुंचीं, जहां हमलावरों ने रुक-रुक कर चार बम फेंके थे. एक बम खिड़की के पास गिरा, जिससे उनकी आंखों में बम का धुआं और कुछ कण चले गए. सूचना मिलने पर बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिया है और फुटेज के आधार पर नामजद आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-