जबलपुर. एमपी के जबलपुर में गोरखपुर स्थित रतन नगर कॉलोनी में शराब ठेकेदार आशीष शिवहरे के आफिस में बमबाजी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. नकाबपोश बदमाशों ने एक के बाद एक 5 देशी बमों से हमला किया था. जिससे पूरी कालोनी में दहशत व्याप्त रही.
पुलिस के अनुसार आशीष शिवहरे के आफिस में बमबाजी करने वाले दो आरोपी 19 वर्षीय आर्यन चौधरी और एक नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. वहीं मुख्य आरोपी अरमान पुलिस की पकड़ से अभी दूर है. जिसे पकडऩे के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. आरोपी आर्यन चौधरी ग्रीन सिटी दीनदयाल क्षेत्र का निवासी है. पूछताछ में उसने और उसके साथी ने अपराध स्वीकार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार अभी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हमले की असली वजह सामने आ पाएगी. पुलिस टीम अरमान को पकडऩे के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पूरे मामले की जांच जारी है और क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस अन्य सबूत भी जुटा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

