रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और अनुशासित जीवन के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यम है. उन्होंने कहा कि यदि योग को जनआंदोलन का रूप दिया जाए तो स्वस्थ छत्तीसगढ़ के साथ विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य भी तेजी से हासिल किया जा सकता है.
राजधानी रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के पदभार ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने विश्वास जताया कि योग आयोग प्रदेशभर में योग के प्रचार-प्रसार को नई दिशा देगा और गांवों, स्कूलों तथा समाज के हर वर्ग तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करेगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है. आज 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस दुनिया के 176 से अधिक देशों में मनाया जा रहा है, जो भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा का सम्मान है.
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार से छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद एम्स की स्थापना का आग्रह किया गया है. राज्य के लगभग 44 प्रतिशत वन क्षेत्र में औषधीय वनस्पतियों की उपलब्धता भविष्य में छत्तीसगढ़ को आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और वेलनेस टूरिज्म का प्रमुख केंद्र बना सकती है.
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि योग भारत की अमूल्य धरोहर है और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है. कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, योग साधकों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

