जबलपुर. शहर के संगीत प्रेमियों के लिए 4 जुलाई की शाम यादगार बनने जा रही है. सुरसंगनी संस्था की ओर से शनिवार शाम 6:30 बजे गोलबाजार स्थित शहीद स्मारक प्रेक्षागृह में "रहे न रहे हम" शीर्षक से एक विशेष संगीतमय संध्या का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम का उद्देश्य संगीत प्रेमियों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे सदाबहार गीतों के साथ नई प्रस्तुतियों का भी आनंद ले सकें. आयोजकों का मानना है कि संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि तनावमुक्त और सकारात्मक जीवन का आधार भी है.
कार्यक्रम में शहर के कई प्रतिष्ठित और लोकप्रिय गायक-गायिकाएं अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भाव-विभोर करेंगे. संगीतमय शाम में शर्मिला मुखर्जी, डॉ. अनामिका श्रीवास्तव, नीतू शर्मा, राकेश चौरसिया, सुधीर श्रीवास्तव, रुचिरा श्रीवास्तव, मीनल चौधरी, प्रीत श्रीवास्तव, नायरा दुबे, निखिल यादव, डॉ. ललित श्रीवास्तव, पंकज दुबे, संदीप सिंह, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव और मुंगेश पिल्ले सहित अनेक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे.
कार्यक्रम का उद्घाटन श्रीमती शबनम मसीह करेंगी, जबकि संगीत संयोजन आनंद यादव और सार्थक यादव द्वारा किया जाएगा. आयोजन का समन्वय श्रीमती शीतल दुबे और ऋतु श्रीवास्तव संभाल रही हैं. इस अवसर पर संगीत मर्मज्ञ परशुराम जी तथा शास्त्रीय संगीत एवं गजल गायक डॉ. अमित कुमार दुबे का सम्मान भी किया जाएगा.
आयोजकों ने शहर के संगीत प्रेमियों, वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और परिवारों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इस संगीतमय आयोजन को सफल बनाने की अपील की है. उनका कहना है कि यह कार्यक्रम केवल मनोरंजन का अवसर नहीं, बल्कि संगीत के माध्यम से लोगों को जोड़ने और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का एक सार्थक प्रयास भी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

