मुंबई में भारी बारिश से थमी रफ्तार, लोकल ट्रेन और बेस्ट बसें लेट, सड़कों पर जलभराव से लोग परेशान

मुंबई में भारी बारिश से थमी रफ्तार, लोकल ट्रेन और बेस्ट बसें लेट, सड़कों पर जलभराव से लोग परेशान

प्रेषित समय :18:11:23 PM / Sat, Jul 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई. महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई व इसके आसपास के उपनगरों में लगातार जारी भारी बारिश के कारण महानगर की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है. मूसलाधार बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों में गंभीर जलभराव (वाटरलॉगिंग) की स्थिति पैदा हो गई है. इसका सीधा असर मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों. बेस्ट बसों और सड़क यातायात पर पड़ा है.
सार्वजनिक परिवहन सेवाएं बाधित होने के कारण काम पर निकले लोगों और आम नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है और प्रशासन ने एहतियातन स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है.

सड़कों पर जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम

बारिश के कारण मुंबई के पारंपरिक रूप से संवेदनशील निचले इलाकों जैसे हिंदमाता. सायन. कूर्ला. किंग सर्कल. चेंबूर. साकिनाका और अंधेरी सबवे में घुटनों तक पानी भर गया है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अंधेरी सबवे को यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है. सड़कों पर पानी जमा होने के कारण वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है. जिससे वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे सहित कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं. कूर्ला और अंधेरी की कई सड़कों पर पानी में गाडिय़ां बंद होने के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति और गंभीर हो गई है.

बेस्ट बसों के रूट में बड़ा बदलाव

सड़कों पर भारी जलभराव और पेड़ गिरने की घटनाओं को देखते हुए बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति और परिवहन प्रशासन ने एहतियातन कई बसों के रूटों में बदलाव (डायवर्जन) किया है. चेंबूर के नूर-ए-इलाही सर्विस रोड. अंधेरी के वीरा देसाई रोड और स्वामी विवेकानंद मार्ग जैसे जलभराव वाले क्षेत्रों से गुजरने वाली बसों को उनके नियमित मार्ग से हटाकर वैकल्पिक रास्तों पर चलाया जा रहा है.

लोकल ट्रेन और मेट्रो सेवाएं प्रभावित

रेलवे ट्रैकों पर पानी भरने के कारण मुंबई की लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं. सेंट्रल. हार्बर और वेस्टर्न तीनों लाइनों पर लोकल ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 15 से 20 मिनट की देरी से चल रही हैं. विशेष रूप से वेस्टर्न लाइन पर नालासोपारा और विरार स्टेशनों के बीच पटरियों पर पानी जमा होने से ट्रेनों की गति धीमी करनी पड़ी है.

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के लिहाज से ट्रेनों की गति नियंत्रित रखी गई है और पटरियों से पानी निकालने के लिए हाई-पावर पंपों का इस्तेमाल किया जा रहा है. स्टेशनों पर ट्रेनों की देरी की वजह से यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है. इसके अलावा. भारी बारिश के बीच दहिंसर ईस्ट और कांदरपाड़ा के बीच तकनीकी खराबी के कारण मुंबई मेट्रो लाइन 2ए की सेवाएं भी कुछ समय के लिए बाधित हुईं. जिसे बाद में ठीक कर लिया गया.

प्रशासन अलर्ट पर, मौसम विभाग का रेड अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई. ठाणे. पालघर और रायगढ़ के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार. अगले 48 घंटों तक शहर और उपनगरों में अत्यधिक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है. इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें. आपातकालीन सहायता के लिए बीएमसी ने हेल्पलाइन नंबर 1916 को सक्रिय कर दिया है और आपदा प्रबंधन की टीमों को 24 घंटे निगरानी के लिए तैनात किया गया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-