आस्ट्रेलिया दौरे से पहले पीएम मोदी को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच

आस्ट्रेलिया दौरे से पहले पीएम मोदी को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच

प्रेषित समय :22:17:57 PM / Sat, Jul 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 9 जुलाई को प्रस्तावित ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. मेलबर्न में आयोजित होने वाले मेलबर्न मीट्स मोदी कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर मिली कथित जान से मारने की धमकी के बाद ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमकी फेसबुक पर कार्यक्रम के प्रचार से जुड़ी एक पोस्ट के नीचे दी गई थी.

ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में होने वाले सामुदायिक कार्यक्रम के प्रचार वाली फेसबुक पोस्ट पर अबू मुस्तफा नाम के अकाउंट से कथित तौर पर धमकी भरी टिप्पणी की गई. रिपोर्ट के मुताबिक, कमेंट में लिखा गया था कि कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम की छत बंद रहनी चाहिए, अन्यथा प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया अपनी मौत के लिए आ रहे हैं. यह टिप्पणी सामने आने के बाद मामला तुरंत ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस को भेज दिया गया.

आईपी एड्रेस की पहचान, जांच जारी

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि जांच एजेंसियों ने इस सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े आईपी एड्रेस की पहचान कर ली है. अब यह पता लगाया जा रहा है कि कथित टिप्पणी किस व्यक्ति ने की और इसके पीछे उसकी क्या मंशा थी. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के आपराधिक कानूनों का उल्लंघन हुआ है. हालांकि, ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस ने अब तक जांच को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.

विदेशी राष्ट्राध्यक्ष को धमकी को गंभीरता से लेती हैं एजेंसियां

स्थानीय मीडिया के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया की सुरक्षा एजेंसियां किसी भी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुख को दी गई धमकी को बेहद गंभीरता से लेती हैं. इसी वजह से मामले की गहन जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा भी शुरू कर दी गई है.

दौरे के दौरान कई एजेंसियां संभालेंगी सुरक्षा

प्रधानमंत्री मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान सुरक्षा की जिम्मेदारी ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस, संबंधित राज्य पुलिस और विशेष सुरक्षा इकाइयों के पास होगी. दौरे से जुड़े सभी कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके. प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान द्विपक्षीय वार्ताओं में हिस्सा लेने के अलावा भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे. इसी क्रम में मेलबर्न का मेलबर्न मीट्स मोदी कार्यक्रम दौरे का प्रमुख आकर्षण माना जा रहा है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-