अयोध्या राम मंदिर दान काउंटिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव: बिना जेब वाली ड्रेस, डबल सिक्योरिटी, सख्त नियम लागू

अयोध्या राम मंदिर दान काउंटिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव: बिना जेब वाली ड्रेस, डबल सिक्योरिटी, सख्त नियम लागू

प्रेषित समय :14:47:04 PM / Sat, Jul 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

अयोध्या. राम मंदिर में चढ़ावे की कथित गड़बड़ी के आरोपों के बीच दान काउंटिंग व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए बड़े बदलाव किए गए हैं. अब काउंटिंग हॉल में कर्मचारियों की एंट्री सख्त सुरक्षा व्यवस्था और दोहरी जांच (डबल चेकिंग) के बाद ही होगी. साथ ही कर्मचारियों के लिए नया ड्रेस कोड भी लागू कर दिया गया है.

सूत्रों के मुताबिक, काउंटिंग में शामिल कर्मचारियों को अब बिना जेब (पॉकेट) वाली डार्क ब्लू रंग की ड्रेस पहनना अनिवार्य होगा. इसके अलावा काउंटिंग हॉल में प्रवेश से पहले प्रत्येक कर्मचारी को दो चरणों की सुरक्षा जांच से गुजरना होगा. नई व्यवस्था के तहत दान की गिनती अब कुर्सी-मेज पर नहीं, बल्कि जमीन पर बैठकर कराई जाएगी. मोबाइल फोन, कैमरा, बैग और अन्य निजी सामान काउंटिंग हॉल के अंदर ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. कर्मचारियों को हॉल में प्रवेश से पहले जूते-चप्पल भी बाहर उतारने होंगे.

इस बीच, चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में आरोपी अनुकल्प मिश्रा को लेकर भी नई जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि उसके नाम पर मंदिर में व्यवस्था कार्यकर्ता के रूप में एंट्री पास जारी किया जाता था. आरोप है कि मंदिर के हर विशेष कार्यक्रम के दौरान अनुकल्प मिश्रा के नाम से यह पास बनाया जाता था, जिसके आधार पर उसे मंदिर परिसर में प्रवेश मिलता था. दावा यह भी किया जा रहा है कि इसी पास के जरिए वह चढ़ावे की राशि की गिनती की प्रक्रिया में शामिल होता था.

मामले को लेकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास महाराज ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि भगवान के घर में अपराध करने वालों को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में कहा, भगवान के घर में अपराध करने वालों को सीधे फांसी पर लटका देना चाहिए. हालांकि, चढ़ावे की कथित चोरी के मामले की जांच जारी है और संबंधित एजेंसियां पूरे प्रकरण की पड़ताल कर रही हैं.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-