जबलपुर. स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं लोकमत पत्र समूह के संस्थापक श्री जवाहरलाल दर्डा (बाबूजी) की स्मृति में केन्द्रीय जेल जबलपुर कारागार में बन रहे ''स्वतंत्रता सेनानी जवाहरलाल दर्डा सभा भवन'' के निर्माण के लिए शिलान्यास समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
जवाहरलाल दर्डा (बाबूजी) बहुमुखी प्रतिभा के धनी एवं चुम्बकीय व्यक्तित्व के गांधीवादी नेता थे, श्री दर्डा जी गांधी जी के आह्वान पर वर्ष 1940 में मात्र 17 वर्ष की आयु में स्वतंत्रता संग्राम में शामिल हुए एवं वर्ष 1942 में भारत छोडो आंदोलन में शामिल होने पर लगभग 01 वर्ष 09 माह तक कारागार में बंद रहे. कारागार में बंद रहने के दौरान युवा कैदियों के बीच भी बाबूजी ने आजादी की अलख जगाई.
ऐसे स्वतंत्रता संग्राम के साक्षी बाबूजी के नाम से केन्द्रीय कारागार में बन रहे सभागार के शिलान्यास कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए. कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेन्द्र दर्डा, एडिटर इन चीफ, लोकमत पत्र समूह, पूर्व उद्योग मंत्री, महाराष्ट्र शासन द्वारा की गई.
कार्यक्रम में संस्कारधानी जबलपुर से सांसद श्री अशोक रोहाणी जी, विधायक, कैंट विधानसभा क्षेत्र, श्रीमती स्वाति सदानंद गोडबोले, पूर्व महापौर जबलपुर एवं अखिलेश तोमर, जेल अधीक्षक केन्द्र्रीय जेल जबलपुर की गरिमामयी उपस्थिति रही. उक्त शिलान्यास एवं निर्माण कार्य का शुभारंभ पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल एवं अशोक रोहाणी, विधायक, कैंट विधानसभा क्षेत्र के करकमलों द्वारा कुदाल चलाकर किया गया. केन्द्रीय कारागार में पूर्व से ही सुभाष सभागार है, किंतु उस सभागार की क्षमता मात्र 100 बंदी की है, वर्तमान में बनाया जा रहा नवीन सभागार लगभग 5000 स्कवैयर फीट का रहेगा, जिसकी बंदी क्षमता लगभग 400 बंदी की रहेगी. जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य शैक्षणिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकेंगे. कार्यक्रम के संयोजक के रूप में श्री मदन कमलेश, उप जेल अधीक्षक, केन्द्रीय जेल जबलपुर एवं संजय परोहा, लोकमत पत्र समूह का विशेष सहयोग रहा.

