जबलपुर की रिलायबल कालोनी में डॉक्टर के घर डकैती का प्रयास, शोर मचाने पर भागे हथियारबंद डकैत

जबलपुर की रिलायबल कालोनी में डॉक्टर के घर डकैती का प्रयास, शोर मचाने पर भागे हथियारबंद डकैत

प्रेषित समय :13:18:30 PM / Mon, Jul 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के गौरीघाट थाना क्षेत्र स्थित रिलायबल कॉलोनी में रविवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक डॉक्टर के घर में घुसकर डकैती का प्रयास किया. चार नकाबपोश बदमाशों ने पहले घर का फ्रंट गेट खोला और फिर मुख्य दरवाजा तोडऩे की कोशिश की. हालांकि दरवाजे पर लगे डिजिटल लॉक और डॉक्टर की सतर्कता के चलते बदमाश अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार निजी अस्पताल में कार्यरत डॉ. विपिन अग्रवाल अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे. रात करीब दो बजे उन्हें खटपट की आवाज सुनाई दी. उन्होंने पहले बेडरूम की खिड़की से नीचे देखा तो घर का लोहे का फ्रंट गेट खुला दिखा. इसके बाद जब वह बालकनी में पहुंचे तो देखा कि पड़ोसी का गेट भी खुला हुआ था.

डॉक्टर ने शोर मचाया

बालकनी से नीचे झांकने पर उन्होंने देखा कि एक बदमाश चेहरे पर सफेद कपड़ा बांधकर हाथ में लोहे का औजार लिए सड़क पर निगरानी कर रहा था, जबकि तीन अन्य बदमाश मुख्य दरवाजे पर लोहे के हथियारों से वार कर उसे तोडऩे का प्रयास कर रहे थे. यह देखकर डॉ. अग्रवाल ने जोर-जोर से शोर मचाया और बदमाशों से पूछा कि वे कौन हैं. इसके बाद उन्होंने तत्काल घर के सभी दरवाजे बंद किए, डायल-112 पर सूचना दी और पड़ोसियों को फोन कर सतर्क किया. शोर सुनते ही कॉलोनी के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और कई घरों की लाइटें जल गईं. लोगों की हलचल बढ़ते देख बदमाश मौके से भाग निकले.
पुलिस ने किया पीछा, हमले की भी चर्चा
घटना की सूचना मिलने के करीब दस मिनट बाद ग्वारीघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची. डॉ. अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि बदमाश रेल पटरी की ओर से कॉलोनी में दाखिल हुए थे. पुलिस ने उसी रास्ते से उनकी तलाश करते हुए काफी दूर तक पीछा किया. स्थानीय लोगों के अनुसार पीछा करने के दौरान कुछ बदमाशों ने हमला करने का प्रयास किया, हालांकि इस दौरान किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई. पुलिस ने डॉ. विपिन अग्रवाल की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ डकैती के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.

डिजिटल लॉक ने बचाई बड़ी वारदात

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि मुख्य दरवाजे पर डिजिटल लॉक लगा होने के कारण बदमाश काफी प्रयास के बावजूद दरवाजा नहीं तोड़ सके. यदि दरवाजा टूट जाता तो बड़ी वारदात हो सकती थी. घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें चार नकाबपोश बदमाश हथियारों के साथ कॉलोनी में घूमते दिखाई दिए. पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-