जबलपुर. मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित ऑपरेशन हमदर्द अभियान के अंतर्गत जीआरपी थाना जबलपुर द्वारा रेलवे स्टेशन परिसर में निवास करने वाले निराश्रित, असहाय एवं बेघर व्यक्तियों की पहचान कर उनका विस्तृत डोजियर तैयार करने की कार्यवाही की जा रही है.
अभियान के दौरान जीआरपी स्टाफ द्वारा रेलवे स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय एवं अन्य स्थानों पर रहने वाले निराश्रित व्यक्तियों से संपर्क कर उनके नाम, पता, आयु, परिजनों की जानकारी, आजीविका का साधन, स्वास्थ्य संबंधी स्थिति, फोटो एवं अन्य आवश्यक विवरण संकलित कर डोजियर तैयार किया गया.
इस कार्यवाही का मुख्य उद्देश्य निराश्रित व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करना, उनके परिजनों का पता लगाने में सहायता प्रदान करना, आवश्यकता पडऩे पर उन्हें सामाजिक एवं शासकीय योजनाओं से जोडऩा तथा रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है.
जीआरपी थाना जबलपुर द्वारा अभियान के दौरान प्राप्त जानकारी का समय-समय पर सत्यापन भी किया जाएगा, जिससे किसी भी आपात स्थिति में संबंधित व्यक्ति की पहचान एवं सहायता शीघ्रता से उपलब्ध कराई जा सके. जीआरपी ने यात्रियों एवं आमजन से अपील की है कि यदि रेलवे स्टेशन परिसर में कोई निराश्रित, असहाय, लावारिस अथवा मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल जीआरपी को दें, ताकि आवश्यक सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराया जा सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


