रायपुर मेडिकल कॉलेज में ₹103 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास, हॉस्टल, कैंसर ब्लॉक और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार

रायपुर मेडिकल कॉलेज में ₹103 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास, हॉस्टल, कैंसर ब्लॉक और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार

प्रेषित समय :15:11:32 PM / Tue, Jul 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल शिक्षा को नई मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में ₹103 करोड़ से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना तभी साकार होगा, जब प्रदेश के नागरिक स्वस्थ होंगे और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

मुख्यमंत्री ने बताया कि मेडिकल छात्रों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए कॉलेज परिसर में 200 बिस्तरों वाला आधुनिक हॉस्टल बनाया जाएगा. इसके साथ ही डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए आवासीय सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी. छात्राओं के मौजूदा छात्रावास का विस्तार कर उसमें लाइब्रेरी, डॉरमेट्री और रिक्रिएशन हॉल जैसी आधुनिक सुविधाएं जोड़ी जाएंगी.

गंभीर बीमारियों के उपचार को बेहतर बनाने के लिए मेडिकल कॉलेज के कैंसर अस्पताल का भी बड़े स्तर पर विस्तार किया जाएगा. दूसरी से छठवीं मंजिल तक बनने वाले नए ब्लॉक में अत्याधुनिक लैब, 64-64 बेड वाले वार्ड, निजी कक्ष, आईसीयू और आधुनिक ऑपरेशन थिएटर स्थापित किए जाएंगे. इससे कैंसर मरीजों को प्रदेश में ही उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी.

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी मिली है. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ को ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद (AIIA) की सौगात भी मिलेगी, जिससे प्रदेश की पारंपरिक चिकित्सा और औषधीय वनस्पतियों को नई पहचान मिलेगी. उन्होंने मेडिकल छात्रों से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों, विशेषकर बस्तर और सरगुजा में भी अपनी सेवाएं देने का आह्वान किया.

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्माण एजेंसियों को सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए. वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि राज्य में पांच नए मेडिकल कॉलेजों और नर्सिंग संस्थानों को स्वीकृति मिली है. उन्होंने यह भी कहा कि बिलासपुर सिम्स का उन्नयन किया जा रहा है और जगदलपुर में प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा हार्ट सेंटर स्थापित किया जाएगा. इसके अलावा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए 100 बिस्तरों वाला रिसर्च सेंटर भी विकसित किया जा रहा है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-