छत्तीसगढ़ की शिवनाथ नदी में बाढ़, समरिया घाट पुल डूबा, भाटापारा-बिलासपुर रोड बंद, प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट

छत्तीसगढ़ की शिवनाथ नदी में बाढ़, समरिया घाट पुल डूबा, भाटापारा-बिलासपुर रोड बंद, प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट

प्रेषित समय :14:42:44 PM / Tue, Jul 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

भाटापारा. छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण शिवनाथ नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. नदी के उफान पर आने से भाटापारा के पास स्थित समरिया घाट पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया है. पुल के ऊपर तेज बहाव के चलते प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र आवागमन पर तत्काल रोक लगा दी है.

समरिया घाट पुल, जो भाटापारा, नारायणपुर, मारो और बिलासपुर के बीच महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, पानी में डूबने से इस रूट पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है. लोगों को अब अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक और लंबी दूरी के मार्गों का उपयोग करना पड़ रहा है.

जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए निचले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है. रेस्क्यू टीमों को अलर्ट पर रखा गया है और स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जलस्तर सामान्य होने तक किसी भी व्यक्ति को पुल या एनीकट पार करने की अनुमति नहीं होगी.

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी के तेज बहाव के पास न जाएं और किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं. साथ ही केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने और अफवाहों से बचने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है, इसलिए लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-