एमपी में बड़ा हादसा, रीवा-इंदौर एसी स्लीपर बस बनी आग का गोला, 43 यात्रियों को बचाया गया

एमपी में बड़ा हादसा, रीवा-इंदौर एसी स्लीपर बस बनी आग का गोला, 43 यात्रियों को बचाया गया

प्रेषित समय :18:06:12 PM / Thu, Jul 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

देवास. एमपी के आगरा-मुंबई (एबी) नेशनल हाईवे पर गुरुवार की दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रीवा से इंदौर आ रही एक एसी स्लीपर बस में अचानक आग लग गई. जहां देखते ही देखते बस से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं. आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस धू-धूकर जलने लगी और हाईवे पर लंबा जाम लग गया. घटना के दौरान वाहन में ड्राइवर और कंडक्टर सहित 45 यात्री सवार थे, वक्त रहते सभी यात्रियों को गाड़ी से सुरक्षित निकाल लिया गया.

नेशनल हाईवे पर धू-धूकर जली बस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे बस रीवा से इंदौर की ओर लौट रही थी. इस दौरान इंदौर-देवास बॉर्डर पर शिप्रा थाना क्षेत्र में बस से धुआं निकलना शुरू हुआ और अचानक आग फैल गई. इस घटना से हाईवे पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. लोग बस से निकलती लपटें देखकर दहशत में आ गए. कई यात्रियों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया. कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया.

दमकल की टीम ने 2 घंटे बाद पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई. करीब दो घण्टों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. आगजनी के दौरान इंदौर और देवास से आने जाने वाले वाहनों की कतार हाईवे के दोनों तरफ लग गई, जो करीब 2 घण्टों तक बनी रही.

शिप्रा थाना प्रभारी कैलाश सोलंकी ने बताया, थाने के सामने ही एक चलती बस में अज्ञात कारणों से आग लगने की सूचना मिली, वैसे ही थाने का स्टाफ रेस्क्यू ऑपरेशन में लग गया और बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. घटना में किसी जनहानि की तत्काल सूचना नहीं है. पुलिस पूरे मामले की जांच की जा रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-