ग्वालियर. ग्वालियर जिले के डबरा से अगवा किए गए तीन वर्षीय मासूम कार्तिक उर्फ टिंकू को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया. करीब 68 किलोमीटर तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने आरोपी होतम उर्फ करिया प्रजापति को शिवपुरी जिले के मगरोनी क्षेत्र के जंगलों से गिरफ्तार कर लिया. बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद उसे उसकी मां की गोद में सौंपा गया तो परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. भावुक माहौल में मां अपने बेटे को सीने से लगाकर फूट-फूटकर रो पड़ी, वहीं पूरी रात अभियान में जुटे पुलिसकर्मियों की आंखें भी नम हो गईं.
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार दोपहर की है. डबरा के कर्रा स्थित आदिवासी दफाई निवासी लक्ष्मी आदिवासी अपने छोटे बच्चे के साथ घर के अंदर सो रही थीं, जबकि उनका तीन वर्षीय बेटा कार्तिक उर्फ टिंकू घर के आंगन में खेल रहा था. दोपहर करीब दो बजे जब उनकी नींद खुली तो कार्तिक घर में नहीं मिला. आसपास तलाश करने पर पड़ोस के एक बच्चे ने बताया कि परिवार का परिचित होतम प्रजापति कार्तिक को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया है. परिचित होने के कारण परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर वे तत्काल डबरा सिटी थाना पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह स्वयं डबरा पहुंचे और पूरे अभियान की कमान संभाली. उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देहात जयराज कुबेर, एसडीओपी तथा विभिन्न थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पांच से अधिक पुलिस टीमों का गठन किया गया. पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की लोकेशन और मोटरसाइकिल की गतिविधियों को तकनीकी माध्यमों से ट्रैक करना शुरू किया. जिलेभर में नाकेबंदी की गई और संभावित मार्गों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया.
लगातार दबाव और पुलिस की घेराबंदी के कारण आरोपी ज्यादा दूर नहीं जा सका. आखिरकार डबरा से लगभग 68 किलोमीटर दूर शिवपुरी जिले के मगरोनी क्षेत्र के जंगलों में पुलिस ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया और मासूम कार्तिक को सुरक्षित बरामद कर लिया. पुलिस बच्चे और आरोपी दोनों को अपने साथ ग्वालियर ले आई, जहां आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है, लेकिन अपहरण के पीछे का वास्तविक उद्देश्य अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि बेहद गरीब परिवार के बच्चे का अपहरण आखिर किस मकसद से किया गया. बच्चे की मां ने भी किसी प्रकार की पुरानी रंजिश या विवाद से इनकार किया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि अपहरण के वास्तविक कारणों का खुलासा होने के बाद मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

