चतुर्भुजी मंदिर की बावड़ी में डूबने से दो मासूमों की मौत, खेलते-खेलते हुआ दर्दनाक हादसा

चतुर्भुजी मंदिर की बावड़ी में डूबने से दो मासूमों की मौत, खेलते-खेलते हुआ दर्दनाक हादसा

प्रेषित समय :17:47:59 PM / Sat, Jul 11th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. राजधानी रायपुर के धरसीवां क्षेत्र स्थित कुंबरगढ़ के प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया. मंदिर परिसर की प्राचीन बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में स्थित प्राचीन बावड़ी के आसपास बच्चे रोजाना खेलने आते थे. रविवार को भी खेलते-खेलते साक्षी साहू (7 वर्ष), पिता योगेश साहू और श्रवण धीवर (4 वर्ष), पिता भूपेंद्र धीवर, बावड़ी के पास पहुंच गए. इसी दौरान दोनों गहरे पानी में उतर गए और लगभग 25 से 30 फीट गहरी बावड़ी में डूब गए. स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी.

घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐतिहासिक महत्व रखने वाली इस बावड़ी में पहले कभी इस तरह की घटना नहीं हुई. हादसे के बाद लोगों ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए बावड़ी के चारों ओर सुरक्षा जाली या घेराबंदी कराने की मांग की है.

धरसीवां थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान ने बताया कि पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों पर भी विचार किया जाएगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-