जबलपुर. विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 से 18 जुलाई 2026 तक जनसंख्या स्थिरीकरण, परिवार नियोजन तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जाएगा. अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैलियां, प्रचार-प्रसार गतिविधियां, विशेष परिवार नियोजन शिविर तथा सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
अभियान का शुभारंभ आज सेठ गोविंददास जिला चिकित्सालय परिसर से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी द्वारा जनजागरूकता रथ एवं रैली को हरी झंडी दिखाकर किया गया. रथ एवं रैली ने शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए परिवार नियोजन, सुरक्षित मातृत्व तथा स्वस्थ परिवार का संदेश जन-जन तक पहुंचाया. इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी जया श्रीवास्तव, कमलेश कुमार वर्मा, पंकज ग्रोवर, आरएमओ वैशाली खन्ना, जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील, अस्पताल प्रबंधक अरुण शाह, श्रीमती विनीता सोनी, जितेन्द्र सोनकर, विकास श्रीवास्तव, बृजेश मिश्रा, प्रणय खरे, इंद्रभान, नर्सिंग कॉलेज का स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ शिशु के लिए गर्भधारण के बीच उचित अंतराल अत्यंत आवश्यक है.
अभियान के दौरान विवाह के बाद उचित समय पर संतानोत्पत्ति, ब'चों के जन्म में उचित अंतराल, प्रसवोत्तर परिवार नियोजन सेवाओं का उपयोग, पुरुष सहभागिता तथा परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों के प्रति व्यापक जनजागरूकता लाई जाएगी. इसके साथ ही जिलेभर में विशेष परिवार नियोजन सेवा शिविर भी आयोजित किए जाएंगे. विश्व जनसंख्या दिवस के शुभारंभ अवसर पर सेठ गोविंददास जिला चिकित्सालय में पुरुष एवं महिला नसबंदी शिविर का भी आयोजन किया गया. शिविर में सुपरवाइजर श्री जितेन्द्र सोनकर के मार्गदर्शन में 2 पुरुष नसबंदी तथा 21 महिलाओं के एलटीटी (महिला नसबंदी) ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न कराए गए

