दंतेवाड़ा में नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद, गोल्ड बिस्किट, हथियार और भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त

दंतेवाड़ा में नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद, गोल्ड बिस्किट, हथियार और भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त

प्रेषित समय :18:31:34 PM / Sun, Jul 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

दंतेवाड़ा. छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है. बारसूर थाना क्षेत्र के तोड़मा गांव के जंगल-पहाड़ी इलाके में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद किया गया. कार्रवाई में 116 ग्राम का गोल्ड बिस्किट, नकदी, हथियार और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की गई.

पुलिस के अनुसार, हाल ही में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे माओवादियों की सटीक निशानदेही पर 12 जुलाई को संयुक्त सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान चलाया. अभियान के दौरान जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सलियों का डंप बरामद हुआ.

तलाशी के दौरान टीम ने करीब 116 ग्राम का सोने का बिस्किट, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई जा रही है, के अलावा ₹2 लाख नकद भी बरामद किए. इसके साथ ही INSAS राइफल, AK-47 और SLR की मैगजीन व कारतूस, 12 बोर बंदूकें, BGL लॉन्चर, रिवॉल्वर, टिफिन बम, पाइप बम, तीर बम, हैंड ग्रेनेड, मोर्टार, डेटोनेटर, जिलेटिन, कोडेक्स वायर, वर्दियां, दवाइयां और नक्सली साहित्य भी जब्त किया गया.

पुलिस ने इस कार्रवाई को राज्य की आत्मसमर्पण नीति की बड़ी सफलता बताया है. अधिकारियों का कहना है कि मुख्यधारा में लौटे पूर्व माओवादियों के सहयोग से नक्सल नेटवर्क को लगातार कमजोर किया जा रहा है और ऐसे अभियानों के जरिए संगठन की गतिविधियों पर प्रभावी प्रहार किया जा रहा है.

सुरक्षा एजेंसियों ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है. साथ ही क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया है, ताकि नक्सलियों के अन्य ठिकानों और छिपाए गए सामान का भी पता लगाया जा सके.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-