छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास को मिली रफ्तार, CM विष्णु देव साय ने गिनाईं मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धियां

छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास को मिली रफ्तार, CM विष्णु देव साय ने गिनाईं मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धियां

प्रेषित समय :15:07:44 PM / Sun, Jul 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास ने नई गति हासिल की है. उन्होंने बताया कि राज्य में वर्तमान में ₹51 हजार करोड़ से अधिक की रेल परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है, जो प्रदेश के इतिहास का सबसे बड़ा रेलवे निवेश माना जा रहा है. उनका कहना है कि रेलवे विस्तार अब केवल नई रेल लाइनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह औद्योगिक विकास, निवेश, रोजगार, ऊर्जा सुरक्षा और क्षेत्रीय संतुलित विकास का मजबूत आधार बन चुका है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 से पहले छत्तीसगढ़ को रेल परियोजनाओं के लिए औसतन ₹300 करोड़ का वार्षिक बजट मिलता था, जबकि 2026-27 में यह बढ़कर ₹7,470 करोड़ हो गया है. उन्होंने इसे केंद्र सरकार की विकास प्राथमिकताओं और डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम बताया.

उन्होंने कहा कि मजबूत रेल नेटवर्क से उद्योगों की परिवहन लागत घटेगी, निवेश को बढ़ावा मिलेगा, किसानों को बेहतर बाजार मिलेंगे और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे. साथ ही बस्तर, सरगुजा, जशपुर सहित दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों तक रेल संपर्क पहुंचने से विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा.

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में करीब 1,200 किलोमीटर नए रेल ट्रैक, 100 प्रतिशत रेल विद्युतीकरण, मल्टी-ट्रैकिंग और आधुनिक सिग्नलिंग परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है. रावघाट रेल परियोजना, खरसिया-नवा रायपुर-परमालकसा रेल कॉरिडोर, डोंगरगढ़-कवर्धा-कटघोरा, कोरबा-अंबिकापुर, रावघाट-जगदलपुर और धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा जैसी परियोजनाएं प्रदेश की रेल कनेक्टिविटी को नई दिशा दे रही हैं.

उन्होंने कहा कि ₹8,741 करोड़ की लागत वाला 278 किलोमीटर लंबा खरसिया-नवा रायपुर-परमालकसा रेल कॉरिडोर प्रदेश की लॉजिस्टिक्स लागत को कम करने के साथ औद्योगिक विकास को नई गति देगा. वहीं धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल लाइन से जशपुर जिला पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ेगा.

यात्री सुविधाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 32 रेलवे स्टेशनों का लगभग ₹1,680 करोड़ की लागत से आधुनिकीकरण किया जा रहा है. इसके अलावा वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस, MEMU सेवाओं का विस्तार और रायपुर में आधुनिक रेल परिचालन सुविधाओं का विकास भी तेजी से किया जा रहा है.

ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती देने के लिए चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन को ₹755 करोड़ और रायपुर में 250 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के लिए अतिरिक्त होमिंग सुविधा विकसित करने हेतु ₹175 करोड़ की परियोजना को भी स्वीकृति मिली है. मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि रेलवे क्षेत्र में हो रहा यह निवेश आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ को औद्योगिक विकास, व्यापार, निवेश और आधुनिक अधोसंरचना के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-