रायपुर. राजधानी रायपुर में ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए Traffic Police की Quick Response Team (QRT) को 10 नई हाई-स्पीड बाइक उपलब्ध कराई गई हैं. इन आधुनिक बाइकों की मदद से ट्रैफिक पुलिस अब भीड़भाड़ वाले इलाकों में तेजी से पहुंचकर जाम की स्थिति को जल्द सामान्य कर सकेगी.
नई बाइक इमरजेंसी लाइट और सायरन से लैस हैं, जिससे सदरबाजार, रामसागरपारा, तात्यापारा सहित शहर के संवेदनशील और अधिक ट्रैफिक वाले क्षेत्रों में QRT टीम बिना देरी के पहुंच सकेगी. इस पहल का उद्देश्य राजधानी में सुगम और निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है.
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिस कार्यालय परिसर में QRT टीमों को नई बाइकों की जिम्मेदारी सौंपते हुए जाम प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी दी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए. इससे पहले उन्होंने यातायात अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा भी की.
पुलिस के अनुसार, शहर में कहीं भी ट्रैफिक जाम की सूचना मिलते ही संबंधित QRT टीम तुरंत मौके पर पहुंचेगी और यातायात को सामान्य बनाने की कार्रवाई करेगी, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.
ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि शहर में कहीं भी जाम की स्थिति बनती है, तो वे तुरंत यातायात हेल्पलाइन नंबर 94792 10632 पर सूचना दें. सूचना मिलते ही संबंधित ट्रैफिक थाना और QRT टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल करेगी.
इस अवसर पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले सहित यातायात पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

