जबलपुर. पाटन बस स्टैंड पर रविवार को सागर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी पर आरोप है कि उसने एक युवती को नौकरी दिलाने और शादी करने का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे. शिकायत दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था. साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस होने पर पुलिस ने जबलपुर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे दबोच लिया.
पुलिस के अनुसार पीड़िता सागर जिले की निवासी है. उसने शिकायत में बताया कि आरोपी युवक ने पहले नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे संपर्क बढ़ाया. बातचीत के दौरान आरोपी ने उसे मिलने के लिए जबलपुर बुलाया. आरोप है कि यहां एक होटल में शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. कुछ समय बाद जब युवती ने शादी और नौकरी की बात की तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया और उसे धमकियां देने लगा.
युवती की शिकायत पर सागर पुलिस ने दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पुलिस और साइबर सेल लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे. इसी बीच सूचना मिली कि आरोपी जबलपुर के पाटन बस स्टैंड पर मौजूद है और बस का इंतजार कर रहा है.
सूचना मिलते ही सागर पुलिस की टीम तत्काल जबलपुर पहुंची और पाटन बस स्टैंड पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे सागर ले जाया गया, जहां पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया. अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

