रायपुर. छत्तीसगढ़ को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है. राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने राज्य के गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में 50-50 MBBS सीटों वाले पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों की स्थापना को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से मंजूरी दे दी है. इससे प्रदेश में एक साथ 250 नई MBBS सीटों का विस्तार होगा.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे राज्य के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आधुनिक, सुलभ और समावेशी स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित करना है, ताकि प्रदेश के युवाओं को डॉक्टर बनने के लिए बाहर न जाना पड़े और लोगों को बेहतर इलाज अपने क्षेत्र में ही मिल सके.
मुख्यमंत्री ने कहा कि गीदम जैसे पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्र और उत्तर छत्तीसगढ़ के आदिवासी क्षेत्र कुनकुरी में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना यह दर्शाती है कि विकास की योजनाएं अब प्रदेश के दूरस्थ इलाकों तक पहुंच रही हैं. इन संस्थानों से स्थानीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता भी बढ़ेगी.
उन्होंने कहा कि नए मेडिकल कॉलेज केवल शिक्षा संस्थान नहीं हैं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और क्षेत्रीय विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं. राज्य सरकार का लक्ष्य स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत करना है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

