पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन पर टला बड़ा हादसा, मालगाड़ी पर चढ़े मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को RPF ने सुरक्षित बचाया

पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन पर टला बड़ा हादसा, मालगाड़ी पर चढ़े मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को RPF ने सुरक्षित बचाया

प्रेषित समय :15:59:13 PM / Tue, Jul 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

बिलासपुर. पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की सतर्कता से एक बड़ा रेल हादसा टल गया. मानसिक रूप से अस्वस्थ एक युवक प्लेटफॉर्म नंबर दो पर खड़ी बीसीएन मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइन की बिजली बंद कराई और युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया.

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब पांच से छह बजे के बीच आरपीएफ की नियमित गश्त के दौरान ड्यूटी पर तैनात सहायक उप निरीक्षक केपी तिवारी और प्रधान आरक्षक पीएस बारा ने मालगाड़ी की छत पर युवक को देखा. उन्होंने तुरंत स्टेशन प्रबंधक, ओएचई, टीआरडी और ऑपरेटिंग विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई.

बिजली बंद होने के बाद रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने सावधानीपूर्वक युवक को सुरक्षित नीचे उतारा. समय रहते की गई कार्रवाई से करंट लगने जैसी गंभीर दुर्घटना टल गई.

प्रारंभिक पूछताछ में युवक अपनी पहचान नहीं बता सका. बाद में स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उसकी पहचान गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्राम तरई निवासी मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक के रूप में हुई. आरपीएफ ने ग्राम पंचायत तरई के सरपंच राहुल कुमार भैना से संपर्क कर परिजनों को सूचना दी.

युवक को पहले गौरेला जिला अस्पताल ले जाकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया. आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे सरपंच की मौजूदगी में उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया. परिजनों ने बताया कि युवक लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रहा है और संभवतः इसी कारण वह भटकते हुए रेलवे स्टेशन पहुंच गया था.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-