जबलपुर में जानवर को बचाने के चक्कर में गहरे नाले में गिरी मर्सिडीज कार, कांच तोड़कर बाहर निकले युवक

जबलपुर में जानवर को बचाने के चक्कर में गहरे नाले में गिरी मर्सिडीज कार, कांच तोड़कर बाहर निकले युवक

प्रेषित समय :15:10:03 PM / Thu, Jul 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. दमोह से जबलपुर आ रही एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार देर रात कटंगी रोड पर 20 फीट गहरे नाले में गिर गई. हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों किसी तरह कार से बाहर निकलकर जबलपुर पहुंचे, जहां उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने आज सुबह क्रेन की मदद से कार को नाले से बाहर निकाला.

पुलिस के मुताबिक जबलपुर के रजा चौक निवासी जिशान अली अपने एक साथी के साथ कार से दमोह से जबलपुर लौट रहे थे. प्रज्ञाधाम के पास सड़क पार कर रहे एक जानवर को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और करीब 20 फीट गहरे नाले में जा गिरी. घटना देर रात हुई.

अंधेरा होने के कारण आसपास कोई मौजूद नहीं था. हादसे के बाद दोनों युवक कार का कांच तोड़कर बाहर निकले और किसी तरह जबलपुर पहुंचे. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. स्थानीय लोगों ने गुरुवार सुबह हादसे की सूचना पुलिस को दी. इसके बाद कटंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को नाले से बाहर निकाला. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-